Thursday, 12 February 2026

समकालीन विषयों पर व्यंग्य का प्रतिवेदन भूमिका सतीश श्रीवास्तव के व्यंग्य संग्रह पर

 भूमिका


समकालीन विषयों पर व्यंग्य का प्रतिवेदन


व्यंग्य साहित्य मानवीय चेतना का वह दर्पण है, जिसमें समाज अपने सबसे विद्रूप, विरोधाभासी और असुविधाजनक चेहरों का यथार्थ देखता है। यह विधा सदियों से सत्ता, समाज और व्यक्ति , तीनों को कटघरे में खड़ा करते हुए भी उनके विनाश की नहीं, वरन् उनके परिष्कार की अभिलाषा रखती आई है।


कबीर के तीक्ष्ण व्यंग्य-दोहों से लेकर परसाई, शरद जोशी, हरिशंकर व्यास और वर्तमान पीढ़ी तक व्यंग्य का मूल स्वर यही रहा है कि हँसी के सहारे हम अपनी दुर्बलताओं, पाखंडों और भ्रांतियों से आमना-सामना कर सकें। अकबर इलाहाबादी ने अपनी शायरी में समाज को यही आईना दिखाया था।


सूचना विस्फोट, उपभोक्तावाद और तकनीकी वर्चस्व के इस युग में व्यंग्य साहित्य की अनिवार्यता और भी बढ़ गई है। मीडिया, सोशल मीडिया और आडंबरपूर्ण भाषा प्रयोग ने यथार्थ को जितना सँवारा है, उतना ही धुँधला भी किया है। हम स्वयं को सुधारने के बजाय दर्पण साफ करने में उलझे हैं। ऐसे समय में सच्चा व्यंग्य उस धुंध को चीरकर सत्य के उन असुविधाजनक किंतु अनिवार्य पक्षों को उजागर करता है। वह स्मरण कराता है कि आवश्यकता आईना साफ करने की नहीं, स्वयं को निखारने की है।


समकालीन व्यंग्य के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती है, वह महज क्षणिक मनोरंजन का माध्यम न रह जाए, अपितु समय की पकड़ और मानवीय संवेदना का समन्वय करते हुए अपनी सार्थकता सिद्ध करे। व्यंग्य यदि केवल चुटकुला बनकर रह जाए, तो वह साहित्य नहीं रहता , और यदि केवल आक्रोश बनकर सिमट जाए, तो पाठक से उसका संवाद समाप्त हो जाता है।


व्यंग्य का भविष्य तभी दीप्तिमान रहेगा, जब तक लेखक समय की नब्ज़ पर हाथ रखकर रचना करता रहेगा, और पाठक हँसते हुए भी अंतःकरण में कहीं एक हल्की-सी चुभन अनुभव करता रहेगा। आने वाले वर्षों में डिजिटल माध्यम, नवीन मंच, श्रव्य-दृश्य प्रस्तुतियाँ, सब व्यंग्य की भाषा और शिल्प में नवीन संभावनाओं का संचार कर रहे हैं। किंतु मूल तत्व वही रहेगा, ईमानदार दृष्टि, मानवीय करुणा और अभिव्यक्ति की कलात्मक मारक क्षमता। जो व्यंग्य व्यक्ति वध की प्रवृत्ति से ऊपर उठकर प्रवृत्ति विमर्श करता है, वही आने वाले समय का प्रामाणिक और सामाजिक रूप से अनुशंसनीय दस्तावेज़ सिद्ध होगा।


व्यंग्य के इसी व्यापक परिप्रेक्ष्य में यदि हम सतीश चंद्र श्रीवास्तव के व्यंग्य संग्रह ‘भरा नहीं जो भाव से…’ को देखें, तो स्पष्ट हो जाता है कि लेखक केवल हँसाने के लिए नहीं, वरन् विचार के लिए बाध्य करने के लिए लिख रहे हैं। गाजीपुर की मिट्टी से निकलकर विधि, हिन्दी और तकनीकी सेवा के त्रिवेणी-संगम से गुज़रा यह रचनाकार आम आदमी और व्यवस्था, दोनों को अंतर्दृष्टि से जानता , समझता है। उसके पास अभिव्यक्ति का कौशल है, भाषा पर अधिकार है, शब्दों का सामर्थ्य है। परिणामतः उनके व्यंग्य न तो निरा कल्पना-विलास हैं, न ही मात्र शिकायत-पत्र; वे समय के लेखकीय प्रतिवेदन हैं।


शीर्षक रचना ‘भरा नहीं जो भाव से…’ से लेकर ‘मामला 90 डिग्री का…’, ‘आता माझी सटकली…’, ‘मेरा तो कुछ भी नहीं…’, ‘चिंता न करें मेघराज’ तक, संग्रह के बत्तीस व्यंग्यों की पाठकीय यात्रा ‘सिंहासन बत्तीसी’ की तरह ही प्रत्येक रचना में उस मनुष्य को पकड़ती है, जो भीड़ में खोते-खोते अचानक अपने चेहरे को पहचानने लगता है। यहाँ हास्य केवल मनोरंजन नहीं है, यह मनुष्य के अंतस में जमी जड़ता पर एक मार्मिक आघात है। मुस्कान के बहाने आत्मचिंतन की ओर धकेलने वाली यह शैली अपने आप में सार्थक है। भाषा लोक मुहावरों, दैनंदिन संवाद, फिल्मी संकेतों और तकनीकी शब्दावली से बुनी गई है, फिर भी प्रतीक-विधान में कथ्य को खोलती है। यही कारण है कि पाठक को लगता है , ये बातें किसी दूरस्थ लेखक ने नहीं, वरन् घर-परिवार और कार्यालय में रोज़ सुनने-बोलने वाले अपने ही किसी सजन ने कही हैं।


इन रचनाओं का शिल्प भी उल्लेखनीय है। कहीं संस्मरण का आभास, कहीं रिपोर्ताज शैली, तो कहीं संवाद-प्रधान कथ्य , और सबके भीतर एक स्थायी व्यंग्य दृष्टि, जो घटनाओं के पृष्ठ में छिपी मानसिकता को सूक्ष्मता से उद्घाटित करती है। चिकित्सा व्यवस्था, प्रशासनिक लापरवाही, तकनीकी जुगाड़, संबंधों में स्वार्थ-साधन, और ‘मैं तो कुछ भी नहीं’ कहकर सब कुछ हड़प लेने वाली मानसिकता, इन सब पर लेखक का कटाक्ष तीक्ष्ण है, पर भाषा कहीं भी विषाक्त नहीं होती। यह उनकी विशिष्ट उपलब्धि है। वे व्यक्ति पर नहीं, प्रवृत्ति पर प्रहार करते हैं , यही व्यंग्य की नैतिक भूमिका है, जो इस संग्रह को मात्र ‘व्यंग्य-संकलन’ से ऊपर उठाकर एक साहित्यिक दस्तावेज़ का दर्जा देती है।


इस पुस्तक की सबसे बड़ी सामर्थ्य इसकी संवादधर्मी शैली है। लेखक बार-बार पाठक से प्रश्न करता है, उसे साथ लेकर चलता है, और प्रत्येक प्रसंग की परिणति पर मानो उसे आईना थमा देता है , “अब तुम ही बताओ, मामला सच में 90 डिग्री का है या नहीं?” यह शैली इन व्यंग्यों को मंच, रेडियो, दृश्य-माध्यम और गंभीर पाठ, तीनों स्तरों पर समान रूप से प्रभावी बनाती है।


व्यंग्य साहित्य की दिशा, दशा और भविष्य की चर्चा के बीच सतीश चंद्र श्रीवास्तव का यह संग्रह यह आश्वस्ति देता है कि संवेदनशील, अनुभव-संपन्न और शिल्प-सचेत रचनाकार की उपस्थिति में हिन्दी व्यंग्य न केवल जीवित है, वरन् अपने समय का साक्षी और समीक्षक दोनों बना हुआ है। यह पुस्तक उनका द्वितीय व्यंग्य-संग्रह है, जो प्रथम संग्रह ‘मतलब अपना साध रे बंदे’ से दो कदम आगे का प्रस्थान है।


विश्वास है, ‘भरा नहीं जो भाव से…’ पाठक को हँसी भी देगा और हँसी के तुरंत बाद एक मार्मिक, अनिवार्य मौन भी—और यही किसी भी सच्चे व्यंग्य की सबसे बड़ी सफलता है।


मैं इस संग्रह को पाठकों के सकारात्मक प्रतिसाद की हार्दिक कामना करता हूँ।


विवेक रंजन श्रीवास्तव

वरिष्ठ व्यंग्यकार एवं समालोचक

साहित्य संपादक, ‘ई-अभिव्यक्ति’

मध्य प्रदेश साहित्य अकादमी सम्मानित

मिनाल रेजिडेंसी, भोपाल

इन दिनों न्यूयॉर्क में

readerswriteback@gmail.com

Wednesday, 11 February 2026

कहानी मन का भूगोल

 कहानी 

मन का भूगोल 


विवेक रंजन श्रीवास्तव 


नीलगीरि की धुंधली पहाड़ियों के बीच बसे 'सोनपुर' गाँव में जब मिस्टर ग्रजबेक अपनी नौ साल की बेटी रोजी के साथ आए, तो ग्रामीणों के लिए वे किसी दूसरी दुनिया के प्राणी थे। ग्रजबेक साहब यहाँ शांति और प्रेम का संदेश फैलाने आए थे, लेकिन गाँव वालों के लिए उनकी भाषा, ऊँचा कद , आंखों का नीला रंग , और वेशभूषा एक ऐसी दीवार थी , जिसे पार करना आसान न था। ग्रामीण उन्हें सम्मान से देखते, पर एक दूरी बनाए रखते थे।

लेकिन इस दीवार को तोड़ा रोजी ने ।

 रोजी, जो किसी उन्मुक्त उड़ती परी सी चंचल थी। जहाँ गाँव की मुनिया, लाली और चंपा अपने नन्हे हाथों से छोटी-छोटी साड़ियाँ सँभालती हुई पगडंडियों पर चलती थीं, वहीं रोजी अपने फूले हुए रंग-बिरंगे फ्रॉक और सुनहरी जुल्फों के साथ किसी सपने जैसी लगती थी। शुरू में गाँव की बच्चियाँ उसे दूर से ही कौतुक भरी नज़रों से देखतीं। वे फ्रॉक के घेरे को देखतीं और रोजी उनकी साड़ी के करीने को, पर शब्दों की कमी और संकोच के कारण दोनों पक्ष मौन रहते, केवल आँखें और मुस्कान ही बातें करती थीं।

एक सुनहरी दोपहर, जब सूरज की किरणें ऊँचे देवदार के पेड़ों से छनकर मैदान में आ रही थीं, सन्नाटे को रोजी की फुटबॉल की 'टप-टप' ने तोड़ दिया। रोजी अकेले ही मैदान में गेंद के साथ जूझ रही थी। झाड़ियों के पीछे छिपी मुनिया और उसकी सहेलियों की आँखों में गेंद को छूने की तीव्र ललक थी। रोजी ने यह भाँप लिया। उसने एक शरारती मुस्कान के साथ गेंद को ज़ोर से मुनिया की तरफ लुढ़का दिया।

पलों में ही सारा संकोच धुआं हो गया। मुनिया ने अपनी सूती साड़ी का पल्ला कमर में मजबूती से खोंसा और नंगे पैर ही गेंद पर एक ज़ोरदार किक मारी। खेल शुरू हो चुका था। अब वहाँ न कोई विदेशी था, न कोई देहाती। धूल में सनी मुनिया की साड़ी और पसीने से भीगा रोजी का कीमती फ्रॉक, दोनों एक ही मिट्टी के रंग में रंग चुके थे। गिरना, संभलना, एक-दूसरे को हाथ पकड़कर उठाना और गोल होने पर साथ में ठहाके लगाना । इस शोर में वह भाषा सुनाई दे रही थी जो सदियों पुरानी है और जिसे सीखने के लिए किसी किताब की ज़रूरत नहीं होती।

मिस्टर ग्रजबेक दूर खड़े यह दृश्य देख रहे थे। उनकी आँखों में नमी और होंठों पर एक गहरी संतुष्टि थी। उन्हें अहसास हुआ कि जो संदेश वे उपदेशों से देना चाहते थे, उनकी बेटी ने उसे एक खेल में साकार कर दिया था। शाम ढलते-ढलते पहाड़ियों पर गोधूलि की लालिमा छा गई। रोजी और गाँव की बच्चियाँ एक पत्थर पर साथ बैठी थीं। रोजी ने मुनिया के बालों में एक जंगली फूल टाँक दिया और मुनिया ने अपनी पोटली से भुना हुआ मक्का निकाल कर बड़े प्यार से रोजी के मुँह में डाल दिया।

रोजी के लिए वह पॉपकॉर्न था ।

पहाड़ की ठंडी हवा में एक शाश्वत सत्य तैर रहा था कि इन्सान की आत्मा का कोई अलग भूगोल नहीं होता। लिबास और भाषा की परतें उतरते ही नीचे जो हृदय मिलता है, वह सबके साथ मिलकर धड़कना चाहता है। 


हम ऊपर से चाहे कितने ही भिन्न क्यों न दिखें, प्रेम और अपनत्व की भूख हमें एक ही सूत्र में पिरोए रखती है।

विवेक रंजन श्रीवास्तव

Monday, 2 February 2026

कहानी बर्फ में धूप

 कहानी

 बर्फ में धूप

विवेक रंजन श्रीवास्तव 


डॉक्टर राजिंदर कुमार अपने टोरंटो स्थित अपार्टमेंट की खिड़की से बाहर देख रहे थे। कनाडा की सफेद, चुभती ठंड शीशे के पार दुनिया को जमा देना चाहती थी। सब कुछ बर्फ़ से ढका था। गाड़ियाँ, पेड़, सड़क, दिख रहे थे तो बर्फ पर कदमों के निशान। यह एकांगी, निस्तब्ध सफेद सुंदरता थी, जिसमें उनकी आत्मा की गूँज खो जाती थी। अंदर, हीटर की समान गरमाहट थी, सरकारी पेंशन की नियमितता थी, स्वास्थ्य सेवाओं का भरोसा भी था , एक आत्मनिर्भर, पूर्ण दुनिया, जो अचानक बहुत खोखली लगने लगी थी।


उनकी नज़र सोफे के पास टंगे एक फोटो फ्रेम पर टिक गई। पंजाब के अपने गाँव 'चमकपुर' की एक पुरानी तस्वीर। गर्मी की दोपहर, नहर का पानी चमक रहा है, खेतों में हरियाली लहरा रही है, और दूर, गुरुद्वारे का निशान साहब, चमक रहा है। यह वह गाँव था जिसे उन्होंने पचास साल पहले, डेंटिस्ट्री की पढ़ाई के लिए चंडीगढ़ आने के बाद छोड़ा था। फिर संघर्ष, फिर सपना, बेहतर जीवन, बेहतर कमाई। राकेश कौर उनके साथ थीं, उनका प्यार , उनका सहारा था। कनाडा आने का फैसला साथ में किया था ,नए सिरे से शुरुआत करने का जोश। राकेश ने ही इस अपार्टमेंट को घर बनाया था, पंजाबी मसालों की खुशबू से, गुरबाणी के शब्दों से, उनकी मंजिल को गर्मजोशी से सराबोर कर दिया था।


पर पाँच साल पहले, राकेश चली गईं , एकाएक, दिल का दौरा पड़ने से। उनके साथ वह धूप भी चली गई जो कनाडा की सबसे अधिक ठंडक में भी धूप से ज़्यादा गर्म प्यार का अहसास थी। राजिंदर अकेले रह गए। इसी अकेलेपन ने, रिटायरमेंट के बाद, उन्हें फिर से जड़ों की तलाश में चमकपुर ने बुला लिया।


लेकिन गाँव बदल चुका था। नहर अब कंक्रीट की नाली थी। पुराने पेड़ कट चुके थे। चौपाल की जगह एक 'यूथ क्लब' ने ले ली थी, जहाँ लड़के मोबाइल पर बिजी रहते। रिश्तेदार मिले, पर उनकी बातचीत का केंद्र बिंदु अक्सर यही होता"कनाडा में तो बहुत पैसा है न?", "हमारे बेटे के लिए वीजा स्पॉन्सर कर दो।" उस 'अपनेपन' की तलाश, जो राजिंदर की यादों में कैद था, वह हवा हो चुकी थी।


एक दिन, स्थानीय 'शब्द साधना साहित्य परिषद' के सचिव, श्री ओमप्रकाश शर्मा, उनसे मिले। बड़े आदर से, फूलमाला पहनाकर।

ओमप्रकाश ने कहा "डॉक्टर साहब! आप तो विदेश से आए हुए साहित्य के महान पारखी हैं! हम आपके नाम पर एक 'राजिंदर कुमार साहित्य रत्न सम्मान' शुरू करना चाहते हैं। देश की सेवा का यह पुनीत अवसर है।"

राजिंदर ने खुश होकर कहा , "ज़रूर, यह तो बहुत अच्छी बात है। मैं कैसे मदद कर सकता हूँ?"

ओमप्रकाश अपनी योजना सफल समझ मुस्कुराते हुए बोले "बस एक छोटी सी संस्थागत फीस है... तीन लाख रुपये। हमारे पास आपका चेक स्वीकार करने की सुविधा भी है।"


राजिंदर का दिल बिना कहे एक पल में काफी कुछ समझ गया । यह पहला झटका नहीं था। कई 'संस्थाओं' के फोन आ चुके थे। उनके 'विदेशी' होने ने, उनकी साहित्यिक रुचि को एक 'लेन-देन' में बदल दिया था। उन्होंने विनम्रता से मना कर दिया। लेकिन फोन आते रहे। कभी सुबह, कभी रात। एक तरफ पंजाब की वह याद, दूसरी तरफ इस तरह की मांगों से उपजी विरक्ति।


और फिर वह दिन आया। भारत में सुबह के दस बजे थे, धूप फैलने का वक्त। पर टोरंटो में अँधेरी, बर्फ़ीली रात के दो बजे थे। फोन की कर्कश घंटी ने नींद तोड़ दी।

अनजान आवाज़, "नमस्ते डॉक्टर साहब, मैं 'काव्य भारती' से बोल रहा हूँ। आपको 'वैश्विक पंजाबी रत्न' से सम्मानित किया जाएगा। बस कुछ प्रबंध खर्च..."

राजिंदर ने फोन काट दिया। उनकी नींद उचट गई थी। वह खिड़की के पास गए। बाहर, एक निर्मम, खामोश बर्फ़बारी जारी थी। उन्हें लगा जैसे वह खुद दो टुकड़ों में बँट गए हैं। एक टुकड़ा यहाँ, इस बर्फीली नियमितता में फँसा हुआ तो दूसरा टुकड़ा, उस चमकपुर में भटक रहा है जो अब है पर बचा ही नहीं। वह न तो यहाँ के थे, न वहाँ के। एक 'विभक्ति' उनके भीतर घर कर गई।


कई रातों की मानसिक जद्दोजहद के बाद, एक सुबह, जब पहली किरण बर्फ पर पड़ी और सब कुछ हीरे की तरह जगमगा उठा, तो एक शांति उन पर छा गई। उन्होंने खिड़की से बाहर देखा। यह दृश्य उनका था। यह ठंड उन्होंने झेली थी। यहाँ उन्होंने दाँत दर्द से तड़पते मरीजों को राहत दी थी। यहीं राकेश उनके साथ थीं। "प्रारब्ध," उन्होंने धीरे से कहा, "यही हमारी कर्मभूमि बना दी गई। यहाँ हमारा दाना-पानी रहा। अब यही घर है।"


उसी दिन उन्होंने अपनी वसीयत लिखी। कोई भव्यता नहीं। सादगी से। इलेक्ट्रिक भट्टी में शवदाह। और फिर... उनकी चुटकी भर राख नियाग्रा प्रपात के उफनते, गर्जते जल में प्रवाहित कर दी जाए। वह शक्तिशाली, अनंत प्रवाह, जो सब कुछ अपने में समा लेता है । उनकी जीवन यात्रा, उनकी यादें, उनका पंजाब और उनका कनाडा, सब कुछ एक हो जाए।


और एक अंतिम निर्देश, टोरंटो के ही एक गुरुद्वारे में, 'डॉ. राजिंदर कुमार एंड राकेश कौर साहित्य संवाद' नाम से एक वार्षिक कोष स्थापित किया जाए। बिना किसी शोर-शराबे के, बिना किसी फीस के, सिर्फ़ शब्दों के लिए, विश्व हिंदी साहित्य के लिए।


डॉक्टर राजिंदर कुमार ने एक बार फिर खिड़की से बाहर देखा। बर्फ अब भी गिर रही थी। पर अब वह उसकी खामोशी में एक संगीत सुन पा रहे थे। यह उनकी ख़ामोशी थी। यह उनका घर था। और इस बार, देर रात फोन बजने से उनकी नींद उचटने वाली नहीं थी , वे वसीयत कर चुके थे।


विवेक रंजन श्रीवास्तव

लघु कथा रियल सांता

 लघु कथा 

रियल सांता 

विवेक रंजन श्रीवास्तव 


रात के ठंड भरे अंधेरे में कॉल बेल की आवाज आई। दरवाजा खोला तो सामने एक दुबला सा लड़का खड़ा था। पीठ पर थैला, चेहरे पर पसीना और आंखों में एक जल्दी साफ नजर आ रही थी। उसने पैकेट आगे बढ़ाया और बोला सर आपका ऑर्डर। पैकेट लेकर मैंने दरवाजा बंद कर लिया। भीतर मेज पर रख पैकेट खोला , पिज्जा की भाप मेरे चेहरे से टकराई । टीवी पर चल रही किसी क्रिसमस फिल्म में सांता बच्चों के लिए उपहार रख रहा था। बच्चे सो रहे थे। चिमनी के नीचे सांता के लिए दूध और चाकलेट कटोरी में सजे थे।


मैंने सोचा अभी अभी जो लड़का गया वह ही तो असली सांता है। उसके थैले में हर किसी के लिए खुशी है। फर्क सिर्फ इतना है कि उसके आने का इंतजार कोई कविता में नहीं लिखता और उसके लिए कोई कटोरी सजाकर दूध और टोस्ट नहीं रखता।


मैं बाहर लपका , उसकी बाइक सड़क के मोड़ पर ओझल हो चुकी थी। मेरे हाथ में गरम पिज्जा था और मन में एक ठंडी सी टीस। क्या कभी हमने इन सच्चे सांता के लिए कोई रिटर्न गिफ्ट रखा है। क्या कभी उनके लिए भी दूध और चाकलेट सजाए हैं। या हम उन्हें सिर्फ डिलीवरी नोटिफिकेशन समझकर स्वाइप कर देते हैं।


विवेक रंजन श्रीवास्तव

श्रद्धासुमन : नमन ज्ञानरंजन

 श्रद्धासुमन : नमन ज्ञानरंजन 


विवेक रंजन श्रीवास्तव 

न्यूयॉर्क से 


ज्ञानरंजन हिंदी कहानी के उस युग के प्रवर्तक स्वर हैं जिन्होंने “आम आदमी” को कथा का केंद्र बनाया। उन्होंने हमारे भीतर बसने वाले मौन, असहमति और पीढ़ियों के फासले को इतने स्वाभाविक रूप से अभिव्यक्त किया कि उनकी कहानियाँ समय की डायरी बन गईं। वे दैहिक जीवन से दुनिया छोड़ गए हैं। सबको किसी न किसी दिन जाना ही होता है, किन्तु वे अपने शब्द संवाद में और हमारे संस्मरणों में चिर जीवी बने रहेंगे। 

उन्होंने पहल में मुझे स्थान दिया था, उनके निवास पर जाकर उनसे मिलने के अवसर आए , उनकी सादगी के चित्र सजीव हो रहे हैं। रेलवे प्लेटफार्म पर, किसी समारोह में अनायास कई बार मिले , चरण स्पर्श करने का यत्न करते ही कंधे पकड़ लेते थे।

नमन ज्ञानरंजन 🙏

उनकी लेखनी में कोई कृत्रिमता नहीं थी । उनकी सोच जीवन के छोटे क्षणों में बड़े अर्थ खोजती थी। उनकी कहानी ‘पिता’ याद आ रही है। ऐसी कहानियाँ हमें अपने घर के भीतर झाँकने को विवश करती हैं । उस कमरे तक जहाँ पिता और पुत्र हृदय से नहीं, संकोच से बात करते हैं। समाज जैसे-जैसे ‘तरक्की’ की दौड़ में बढ़ा, पिता का अनुभव ‘अप्रासंगिक’ माना जाने लगा है । यही त्रासदी उनकी कथा पिता का महत्त्वपूर्ण बिंदु है।  

ज्ञानरंजन के निधन के साथ हिंदी कथा साहित्य ने अपना एक साक्षी खो दिया। किंतु उनकी कहानियों का असर जीवित रहने वाला है। वे हमें यह याद दिलाती हैं कि तकनीक या आधुनिकता से नहीं, मनुष्यता से ही पीढ़ियाँ जुड़ी रहती हैं।  

००००

नीचे मैं उनकी कहानी पिता का जो कथानक स्मरण है दे रहा हूं । 

 उसी भाव को पिता पुत्र की वर्तमान पीढ़ी पर अधिरोपित कर श्रद्धांजलि स्वरूप एक नई कहानी लिख कर उन्हें समर्पित करता हूँ।


विवेक रंजन श्रीवास्तव 


ज्ञानरंजन की कहानी — “पिता” का कथा सार


कहानी ‘पिता’ में एक वृद्ध व्यक्ति अपने बेटे के पास शहर आता है। बेटा अब एक आधुनिक, व्यवस्थित, व्यस्त जीवन में है। वह पिता का आदर करता है, पर उस आदर में वह आत्मीयता नहीं नियम और दूरी है।  

पिता छोटे कस्बे के, सहज और भावुक व्यक्ति हैं। शहर की ठंडी दीवारों में उन्हें अपनेपन की जगह नहीं मिलती। टीवी, फ़ोन, ऑफिस की बातें और ‘मॉडर्न’ रहन-सहन के बीच पिता धीरे धीरे खुद को असहज महसूस करने लगते हैं। कहीं कुछ कहना चाहते हैं, पर शब्द नहीं ढूँढ पाते।  

रात को वे बेटे को सोते देखते हैं और सोचते हैं , “यह अब मेरे बस का नहीं रहा।”  

यह वाक्य पूरी कहानी का सार है। “पिता” केवल एक निजी संबंध की कहानी नहीं, बल्कि पीढ़ी के सोच परिवर्तन की कहानी है।  

यह उस मौन पीढ़ी की कथा है जो समझ तो सब जाती है, पर कह नहीं पाती। और उस नई पीढ़ी की भी, जो सुन तो लेती है, पर समझना भूल गई है।  

कहानी का वातावरण अत्यंत सूक्ष्म है । बेटे की व्यस्तता, पिता की निस्तब्धता, घर की ठंडी हवा, और उनके भीतर का अकेलापन । सब मिलकर एक अदृश्य संवाद रचते हैं। 

पुत्र पिता को नई सुविधाओं से आराम पहुंचाना चाहता है, पर आत्म संतोषी पिता को वह पसंद नहीं। 

एक दिन पुत्र खिड़की से देखता है कि पिता खटिया बाहर निकाल कर गर्मी से बचाव के लिए उस पर पानी छिड़क रहे हैं, किन्तु वह चाह कर भी कुछ कर नहीं सकता ।

ज्ञानरंजन का यह शिल्प आज भी पीढ़ीगत विमर्श का जीवंत प्रतीक है।  

०००००


भाव रूपांतरित कथा 


“वाया वीडियो कॉल”

(ज्ञानरंजन की कहानी “पिता” का समकालीन पुनराख्यान)


लेखक : विवेक रंजन श्रीवास्तव 

न्यूयॉर्क से 


हवाई जहाज की खिड़की से नीचे झिलमिलाती बर्फ़ दिख रही थी। बूढ़े पिता ने कौतूहल से उस परतदार सफेदी को देखा । जैसे किसी पुराने समय की चिट्ठियाँ अब बर्फ़ बनकर फैल गई हों।  

वह पहली बार बेटे के देश जा रहे थे,न्यूयॉर्क। बेटे ने महीनों पहले कहा था, “आपको देखे ज़माना हो गया, अब आ जाइए कुछ दिनों को।” टिकिट भेज रहा हूं।


पिता की पीढ़ी के पास अनुभव के समय का सरोवर था । धीरे बहता, विचार करता, जमा होता। बेटे की पीढ़ी के पास समय नहीं, बस “शेड्यूल” था । हर मुलाकात मोबाइल पर ‘कैलेंडर एंट्री’ में दर्ज।  


एयरपोर्ट से घर तक बेटे ने गाड़ी में स्पॉटिफ़ाई पर कोई अंग्रेज़ी गाना लगाया, बीच-बीच में मोबाइल स्क्रीन पर नज़र डालता रहा। पिता खिड़की से बाहर देखते रहे। वही दृश्य जो उन्होंने कई बार कल्पना में देखे थे, उँची इमारतें, चौड़ी सड़कों का स्वप्निल अनुशासन। पर भीतर एक हल्की उदासी उठ रही थी, जिस पर वे विजय प्राप्त करने का भरपूर प्रयास करते , खिड़की से देखते बेटे से पूछते पर बेटे का मोबाइल नोटिफिकेशन, चौराहे के सिग्नल उसे उनसे उन्मुक्त बात करने से रोक देते । 


घर पहुँचे तो बेटे ने रोबोटिक आवाज़ से कहा, “Alexa, लाइट ऑन करो।”  

पिता मुस्कुरा दिए, यह नई दुनिया थी, जहाँ चाय तक आवाज़ से बनती थी और रिश्ते इमोजी से जताए जाते थे।  


रात को, जब बेटा लैपटॉप पर देर तक काम करता रहा, पिता ने चुपचाप खिड़की से बाहर देखा , बर्फ़ गिर रही थी।  

उन्हें याद आया, कैसे कभी गाँव में वह बेटे के लिए स्वयं घोडा बन जाते थे, और वह दौड़ में सबसे आगे निकलने का सपना देखा करता था। अब वही बेटा ऐसी दौड़ में था जिसका अंत किसी को नहीं पता।  


अगली सुबह कॉफी के साथ पिता बोले, 

“तुम्हें कभी अपने बचपन का घर याद आता है?”  

बेटे ने हँसकर कहा, “डैड, अब तो सब कुछ क्लाउड में है, लगता है यादें भी।”  

पिता ने मुस्कुराहट में अपनी भावनाएं छिपा ली।  

बेटे की पत्नी और बच्चे कोई 6 घंटे की ड्राइव पर रहते हैं, शाम को वीडियो कॉल पर बेटा अपनी पत्नी और बच्चों को दिखा रहा था “ भारत से दादाजी आए हैं।”  

पिता स्क्रीन पर झुके बच्चों को देख मुस्कुराए। उन्हें लगा, अब हर रिश्ता “वाया वीडियो कॉल” है निकट मगर असम्पृक्त।  


रात में बेटे ने पास आकर धीमे से उनका हाथ दबाते हुए कहा, “डैड, मुझे पता है आप सोचते हैं मैं दूर चला गया हूँ।”  

पिता ने उसकी ओर देखा बोले “नहीं बेटा! 

पर जो वे नहीं बोले वह था "दूरी केवल मीलों से नहीं, संवाद और मौन से भी मापी जाती है।”  

कुछ देर बाद धीरे से बोले, “देखो, बाहर अब भी बर्फ़ गिर रही है, पर कोई आवाज़ नहीं होती।”  


बेटा चुप था। दोनों ने खिड़की से बाहर की ओर देखा।  

शायद वही मौन अब दोनों पीढ़ियों के बीच था , सफेद, सुंदर और बर्फ़ सा ठंडा।


विवेक रंजन श्रीवास्तव 

न्यूयॉर्क से

कहानी विदाउट पेपर्स

 कहानी 

  विदाउट पेपर्स


विवेक रंजन श्रीवास्तव 


लॉस एंजेल्स में उस सुबह की धूप, कार्लोस के छोटे से अपार्टमेंट के फर्श पर एक सुनहरी चौखट बना रही थी, मानो प्रकाश स्वयं उसके जीवन की स्थिरता की गवाही देने की असफल कोशिश कर रहा हो। वह अपनी मेज़ पर झुका, एक नए आर्किटेक्चरल ड्राफ्ट की मीनार को अंतिम स्पर्श दे रहा था, जब दरवाज़े पर हुई उस दस्तक ने उसके समूचे अस्तित्व की नींव हिला दी। "ICE, हियर, दरवाज़ा खोलो!" यह आवाज़ उसके सुरक्षित संसार में किसी विस्फोट की तरह गूँजी। बाहर खड़े वर्दी के साथ गन धारी अधिकारियों की पथराई निगाहें और ऑफिसर मिलर के हाथ में थमे वे ठंडे काग़ज़ कार्लोस के बीस साल के 'अमेरिकी जीवन' के लिए मृत्युदंड की तरह लग रहे थे।

उस ठिठके हुए पल में, कार्लोस का मन समय की परतों को चीरता हुआ बीस साल पीछे चला गया। उसे वह मकई के रंग का घर याद आया जहाँ खुशबू का एक अनोखा संगम हुआ करता था, उसकी माँ एलेना द्वारा फिलीपीन लुल्लाबी गाते हुए बनाया गया सोंधा 'पैन्सिट' और पिता एंटोनियो के मेक्सिकन 'कोरिदोस' की धुन पर लपेटे गए 'तमालेस'। दो अलग महाद्वीपों के सपने लॉस एंजेल्स की इसी धूप में मिलकर एक हुए थे। कार्लोस यहीं जन्मा, यहीं पला, पर बारह साल की उम्र की एक बरसाती रात ने सब उजाड़ दिया। एक कार दुर्घटना ने न केवल उसके माता-पिता को छीन लिया, बल्कि एक अनाथ किशोर की पहचान को उन सरकारी फाइलों के ढेर में दफन कर दिया, जहाँ भावनाएं दम तोड़ देती हैं और सिर्फ 'पेपर स्टेटस' जीवित रहता है। 


वे दिन थे जब अमेरिका स्टेच्यू ऑफ लिबर्टी के प्रिंसिपल्स पर खुले दिल से सबको अपना लेता था। तब न ही किसी सरकारी अधिकारी ने उसकी कोई मदद किसी पेपर वर्क में की , और न ही वर्षों उससे कभी कोई पूछताछ हुई । वह विदाउट पेपर्स ही ससम्मान बना रहा है।

सुबह स्कूल, दोपहर पुस्तकालय और शाम को पिता के पुराने रेस्तराँ में बर्तन धोते हुए उसने अपनी लकीरें खुद खींचीं। उसने आर्किटेक्चर की पढ़ाई की, अपनी प्रतिभा से ऊँची इमारतों के नक्शे बनाए और आज वह डाउनटाउन एलए की एक प्रतिष्ठित फर्म में अच्छा इंप्लॉई था। वह हर साल ईमानदारी से टैक्स भरता था, उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी था। वह इस शहर की हर गली, हर मोड़ और हर बदलते मौसम का गवाह था। 


अफसोस, ICE मतलब यू.एस. इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट के कानून की आँखें अचानक जाग गई, अंधी आँखों के लिए कार्लोस सिर्फ एक 'अनडॉक्यूमेंटेड' केस था। एक ऐसा इंसान जिसे काग़ज़ों की कमी ने उसकी अपनी ही मिट्टी में पराया बना दिया था।


डिटेंशन सेंटर की सलाखों के पीछे बैठा कार्लोस अपनी आत्मा पर खिंचती लकीरों को महसूस कर रहा था। उसे बचपन की वह बात याद आई जब उसने अपनी मिश्रित पहचान पर सवाल किया था और पिता ने कहा था, "तुम फिलीपीनी भी हो, मेक्सिकन भी हो और अमेरिकन भी।" पर आज उसी त्रयी का एक हिस्सा उसे निर्दयता से नकार रहा था। 

अदालत का मंजर किसी डरावने तमाशे जैसा था। उसके वकील की दलीलें, प्रोफेसर जेम्सन की गवाही और उसकी मित्र माया की सिसकियाँ , सब उस जज की बर्फीली खामोशी के सामने निरर्थक थीं। 

"मैं सहानुभूति रखता हूँ," "पर कानून काग़ज़ों से चलता है, और आपके पास कोई कागजी दस्तावेज़ नहीं हैं जो आपको इस देश के नागरिक होने का हकदार बना सकें।"जज के शब्दों में कानून की रोबोटिक गूँज थी।

आई सी ई कानूनन गलत नहीं थी , जज साहब सही थे । सही है कि कार्लोस इस मिट्टी में रचा बसा बढ़ा था , लेकिन वह गलत था , उसके पास कागजी नागरिकता नहीं थी । 

विदाउट पेपर्स कार्लोस ने विदाई के उन तीस दिनों में अपने जीवन को एक छोटे से सूटकेस में समेट लिया। अपने अपार्टमेंट की हर चीज़ को अलविदा कहते हुए उसे लगा जैसे वह अपने अतीत को दफना रहा हो। वह पुराना गिटार जिस पर पिता ने उसे पहला सुर सिखाया था, और माँ का लाया वह रेशमी पारंपरिक कपड़ा, ये ही अब उसकी कुल यादगार संपत्ति थे। हवाईअड्डे की खिड़की से उसने आखिरी बार उस स्काईलाइन को देखा जिसे उसने कभी अपनी पहली स्केचबुक में उकेरा था। उसने फिलीपींस जाने का फैसला किया था, शायद माँ की जन्मभूमि उसे कोई कोना दे दे, पर उसका दिल चिल्लाकर कह रहा था कि उसकी मातृभूमि तो इसी हवा और इन्हीं सड़कों में बसी थी।

जहाज के टेक-ऑफ करते ही कार्लोस ने अपनी स्केचबुक खोली। अंतिम पन्ने पर उसने एक ऐसी इमारत का खाका खींचा था जिसकी कोई सरहद नहीं थी "संग्रहालय वैश्विक हृदय का।" नीचे उसने कांपते हाथों से लिखा। 


 विवेक रंजन श्रीवास्तव

मुट्ठी बंद ख्वाहिशें .. कहानी

 वैश्विक कहानी 


मुट्ठी बंद ख्वाहिशें

विवेक रंजन श्रीवास्तव 

इन दिनों न्यूयार्क में 


लंदन की ठंडी, कोहरे से लिपटी सुबह थी। अनीता अपने स्टूडियो अपार्टमेंट की खिड़की से बाहर नीरस, धुँधली इमारतों को निहार रही थी। उसकी मुट्ठी बंद थी, और उसकी हथेली में एक छोटा-सा, कपड़े का मुलायम खरगोश का पंजा दबा हुआ था। 'रैबिट्स फुट' या 'क्रॉसफिश' कहलाने वाली यह चीज़, उसकी नानी द्वारा उसे दिया गया एक ताबीज था, जो कथित रूप से बदकिस्मती को दूर भगाता था। आज, दस साल बाद, अपने पहले सोलो आर्ट एक्जीबिशन के दिन, उसे इसकी सबसे ज़्यादा ज़रूरत महसूस हो रही थी।


अनीता का सफर कोलकाता की तंग गलियों से शुरू हुआ था, जहाँ उसके पिता एक स्कूल टीचर थे और माँ एक साधारण गृहिणी। उनकी ज़िंदगी एक पूरी तरह प्रिडिक्टेबल रूटीन में बंधी हुई थी, लेकिन अनीता की ख्वाहिशें आकाश को छूने वाली थीं। वह चित्रकार बनना चाहती थी। एक ऐसी कलाकार, जिसके कैनवास पर भावनाओं के रंग दुनिया को दिखाई दें। लेकिन उस घर में, जहाँ 'सुरक्षित भविष्य' शब्द सबसे महत्वपूर्ण थे, कला एक शौक थी, करियर नहीं।


उसकी मुट्ठी में उस समय पहली बार एक ख्वाहिश ने जन्म लिया, जब उसने छिप-छिपकर जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी में फाइन आर्ट्स में दाखिले के लिए फॉर्म भरा। स्वीकृति आई तो घर में एक भूचाल आ गया। "तुम्हारी उम्र हो गई है शादी की," उसकी माँ ने आँसू बहाते हुए कहा था। " फाइन आर्ट्स की ये सब बातें छोड़ो।" लेकिन अनीता अड़ी रही। उसकी मुट्ठी और भी कस गई। उसने न सिर्फ़ JNU में दाखिला लिया, बल्कि छात्रवृत्ति जीतकर लंदन के प्रतिष्ठित स्लेड स्कूल ऑफ फाइन आर्ट में पोस्ट-ग्रेजुएशन के लिए जगह बना ली।


लंदन आना एक और संघर्ष था। यहाँ की ठंडक सिर्फ़ मौसम की नहीं थी, बल्कि उसके परिवेश के लोगों के दिलों में भी उसे दिखती थी। उसे अपनी पहचान के सवालों से जूझना पड़ा। वह न तो पूरी तरह भारतीय रह गई थी, न ही ब्रिटिश बन पाई थी। उसकी कला में यह द्वंद्व साफ़ झलकता था। उसके कैनवास पर मधुबनी की लकीरें पिकासो के क्यूबिज़्म से टकराती थीं। कुछ प्रोफेसर उसे 'एक्जॉटिक' कहते, तो कुछ 'अनरेज़ोल्ड'। उसकी मुट्ठी, उसकी असुरक्षा और जिद का प्रतीक, मुट्ठी हमेशा बंद रहती।


एक दिन, एक आर्ट क्रिटिक, एडवर्ड, उसके स्टूडियो में उसे ढूंढता हुआ आया। बूढ़ा, लेकिन नज़रों में एक अद्भुत चमक। उसने अनीता के कैनवास देखे, जहाँ रंगों के ज़रिए एक अधूरेपन, एक तलाश का भाव था।

"तुम्हारी कला में एक दर्द है," एडवर्ड ने कहा, "लेकिन वह दर्द तुम्हारा अपना खुद का नहीं लगता। लगता है जैसे तुम अपने कैनवस पर दूसरों के दर्द की एकेडमिक नकल कर रही हो।"

अनीता चिढ़ गई। "आप क्या जानते हैं मेरे दर्द के बारे में?"

एडवर्ड ने मुस्कुराते हुए कहा, "शायद नहीं। लेकिन इतना जानता हूँ कि असली कला तब जन्म लेती है, जब तुम अपनी मुट्ठी खोल देते हो। डर लगता है कि सब कुछ छूट जाएगा, लेकिन उसी में मुक्ति है।"


यह बात अनीता के दिल में उतर गई। उसने अपने कैनवास के सामने बैठकर, पहली बार अपने दिल की सारी उलझनें, सारे डर, सारी ख्वाहिशें उड़ेल दीं। वह दिन उसकी कला का टर्निंग पॉइंट था।


और आज, उसकी सोलो एक्जीबिशन का दिन था। गैलरी में उसके कैनवास लगे थे, जो अब सिर्फ़ तकनीक का नमूना नहीं, बल्कि एक कलाकार की वैश्विक नजरिए वाली अभिव्यक्ति का आईना थे। एक पेंटिंग में एक लड़की की आकृति थी, जिसकी मुट्ठी बंद थी, और उसकी हथेली से रंगों की एक चमकदार लकीर निकल कर अनंत में विलीन हो रही थी। दूसरे कैनवास पर कोलकाता की गलियाँ और लंदन की सड़कें एक-दूसरे में समा रही थीं ।


भीड़ उमड़ पड़ी थी। आलोचक, कलाप्रेमी, संग्रहकर्ता। सब उसकी कला की सराहना कर रहे थे। तभी उसने देखा, दरवाज़े पर दो परिचित चेहरे खड़े हैं, उसके माता-पिता, हैरान और गर्व से भरे हुए। उसकी माँ की आँखों में आँसू थे। अनीता की साँस रुक सी गई। उसने कभी सोचा भी नहीं था कि वे आएंगे।


उसकी माँ ने उसे गले लगाया और फुसफुसाया, "माफ़ करना बेटा, हम तुम्हारे सपनों को समझ नहीं पाए। तुमने जो किया, वह बहुत हिम्मत का काम है।"

उसके पिता ने बिना कुछ कहे, उसके सिर पर हाथ रख दिया। उनकी आशीष भरी चुप्पी में हज़ार शब्द छिपे थे।


अनीता ने महसूस किया कि उसकी मुट्ठी, जो सालों से ख्वाहिशों, डर और जिद से बंधी हुई थी, अब धीरे-धीरे खुल रही थी। उसने अपनी हथेली देखी। खरगोश का पंजा अब भी वहाँ था, लेकिन अब वह उसे कसकर नहीं पकड़े थी , बल्कि हल्के से थामे हुए थी।


एडवर्ड ने आकर कहा, "देखा, मैंने कहा था न? मुट्ठी खोलो, तो दुनिया तुम्हारी हथेली में आ जाती है।"


उस रात, जब गैलरी खाली हो गई, अनीता अकेली खड़ी थी। उसने अपनी एक पेंटिंग देखी, जहाँ उसकी बंद मुट्ठी से निकलती रंगीन लकीर अब एक विशाल, चमकते सूरज में तब्दील हो रही थी। उसका कैनवास दुनियां को समेटने को आतुर था । इंडो यूरोपियन फ्यूजन के उसके चित्र उसकी मौलिकता थे ।


उसे एहसास हुआ कि ख्वाहिशें कभी खत्म नहीं होतीं। वह अब भी और बहुत कुछ पाना चाहती थी। लेकिन अब वह डरती नहीं थी। क्योंकि उसे पता चल गया था कि ख्वाहिशों की असली ताकत उन्हें मुट्ठी में बंद करके नहीं, बल्कि उन्हें आज़ाद करके, हकीकत में बदलने में है।


मुट्ठी बंद ख्वाहिशें अब खुली हथेली के सपने बन चुकी थीं। और यही उसकी सबसे बड़ी जीत थी।


विवेक रंजन श्रीवास्तव 

+91 7000375798

लाकडाउन में डाउनलोड हुए रिश्ते.. कहानी

 

कहानी

लाकडाउन में डाउनलोड हुए रिश्ते 

विवेक रंजन श्रीवास्तव 


   मैरीलैंड अमेरिका में , छोटी पर सजीव टाउनशिप से ऑपरेट होती थी वह अमेरिकन सॉफ्टवेयर कंपनी जहां थोड़ा सा स्टाफ था, पर दुनियां भर की शिपिंग कंपनियों के सर्वर वहां से सर्व किए जाते थे। कम ही भारतीय थे इस कंपनी में पर जो थे बड़े जिम्मेदार पदों पर थे । अखिलेश और प्रमिला दोनों ही भारतीय थे , इसलिए एक दूसरे को जानते थे। अनायास लॉकडाउन की सुनसान शामों में जब पूरी दुनिया थम सी गई थी, अखिलेश और प्रमिला के बीच एक नई दुनिया बसने लगी थी। शुरुआत तो महज विदेश में बसे दो भारतीय , सह कर्मियों की सहमति से सहूलियत भरा साथ था - एक ही भाषा बोलने वाले, एक जैसा शाकाहारी खाना पसंद करने वाले। पर धीरे-धीरे वह छोटा सा अपार्टमेंट उनकी दुनिया बनता चला गया।


अखिलेश जब पहली बार प्रमिला के हाथ का बना राजमा चावल खा रहा था, तो उसकी आँखों में घर के स्वाद की झलक चमक आई थी - "सालों हो गए माँ के हाथ का स्वाद भूले हुए।" प्रमिला ने मुस्कुराकर कहा था , "खाना तो बस बहाना है, असली भूख तो घर की यादों की होती है।"


वे दोनों शारीरिक रूप से एकदम अलग थे अखिलेश सामान्य देह यष्टी का, छरहरा , युवक , प्रमिला थोड़ी भारी-भरकम, मजबूत। पर एक अपार्टमेंट में बंद जैसे-जैसे दिन बीते, उन्होंने पाया कि शरीर के बाहरी खोल से कहीं गहरे, वे दोनों एक ही तरह के थे । दोनों के भीतर एक अधूरापन था जो विदेश की इस निर्जन भूमि में और गहरा हो गया था।


एक शाम जब अखिलेश बुखार से तप रहा था, प्रमिला ने पूरी रात उसके सिर पर पानी की पट्टी रखी। 

कंपनी में काम ठप्प सा था , वर्क फ्राम होम, पर लगभग नो वर्क। दूसरे दिन जब प्रमिला की नौकरी जाने का अव्यक्त डर उसे सता रहा था, अखिलेश ने उसके कंधे पर हाथ रखकर कहा "हम दोनों साथ हैं, कोई बात नहीं।"


फिर वह रात आई जब बारिश की फुहारें खिड़की से टकरा रही थीं और दोनों एक ही सोफे पर बैठे कोई बोल्ड अंग्रेजी फिल्म देख रहे थे। अचानक सब कुछ बदल गया। कोई योजना नहीं थी, कोई इरादा नहीं। बस दो अकेले दिल एक दूसरे की गर्माहट में सिमट गए। सुबह जब आँख खुली तो दोनों की आँखों में एक सवाल था , शर्म, डर, पर एक अजीब सी सुकून वाली शांति भी थी ।


अगले कुछ दिन अजीब से बीते। फिर एक रात रसोई में खड़े-खड़े अखिलेश ने कहा , "प्रमिला, मैं चाहता हूँ कि हमारा रिश्ता वैध हो। तुम्हारे बिना अब इस देश में मेरा कोई घर नहीं।"


शादी छोटी-सी हुई, बस चार लोग। पर जब वे वीडियो कॉल पर घर वालों से बात कर रहे थे, तो प्रमिला की माँ रोने लगी , "बेटी, तूने तो हमें बताया तक नहीं!" अखिलेश के पिता ने धैर्य से समझौता करते हुए आशीष देते हुए कहा "बेटा, वहाँ तो तुम दोनों ही एक दूसरे के परिवार हो।"


आज जब वे उस शहर के दूसरे छोर पर अपने छोटे से अपार्टमेंट में रहते हैं, तो प्रमिला अक्सर कहती है "वो लॉकडाउन हमारे लिए अभिशाप नहीं, वरदान बनकर आया था। उसने हमें सिखाया कि प्यार शरीर की बनावट नहीं, दिलों का मेल होता है।"


और अखिलेश मुस्कुराकर कहता है "और ये भी कि सबसे स्वादिष्ट खाना वो होता है जो दिल से बनाया जाए।" दोनों की हँसी कमरे में गूँज उठती है, जैसे उस कोरोना काल की उदासी को भी हरा देने का इरादा रखती हो।" लाकडाउन में डाउनलोड हुए रिश्ते में नए फूल खिल आए। 


विवेक रंजन श्रीवास्तव 

7000375798

ए 233, ओल्ड मिनाल रेजीडेंसी 

जे के रोड भोपाल 

462023

Sunday, 1 February 2026

अमेरिका में भारत

 अमेरिका में भारत 


विवेक रंजन श्रीवास्तव 


अमेरिका में भारत की उपस्थिति किसी एक घटना, स्मारक या एक प्रवासी समुदाय तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समय के साथ निर्मित एक विस्तृत सांस्कृतिक, वैचारिक और सामाजिक परिदृश्य है। यह उपस्थिति कभी किसी उद्यान में स्थापित प्रतिमा के रूप में दिखाई देती है, कभी विश्वविद्यालय के सभागार में दिए गए व्याख्यानों में, कभी प्रयोगशालाओं में साझा शोध के रूप में और कभी किसी छोटे शहर के सांस्कृतिक केंद्र में बजते तबले या गूंजते भजन में।


न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के नॉर्थ लॉन गार्डन में स्थापित महात्मा गांधी का बस्ट इस उपस्थिति का एक सशक्त प्रतीक है। दिसंबर 2022 में भारत के विदेश मंत्री और संयुक्त राष्ट्र महासचिव द्वारा अनावरण किया गया यह बस्ट संयुक्त राष्ट्र परिसर में गांधी की पहली स्थायी प्रतिमा है। यह तथ्य विशेष ध्यान देने योग्य है कि गांधी स्वयं कभी अमेरिका नहीं आए, फिर भी भारत के बाहर उनकी सर्वाधिक प्रतिमाएं और स्मारक जिस देश में हैं, वह अमेरिका ही है। यह स्थिति किसी औपचारिक कूटनीतिक निर्णय से अधिक उस वैचारिक स्वीकृति का परिणाम है, जो अमेरिकी समाज ने गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों को लेकर विकसित की है। अमेरिकी नागरिक अधिकार आंदोलन से लेकर शांति आंदोलनों में महात्मा गांधी के विचारों की छाया स्पष्ट देखी जा सकती है।


यदि अमेरिका और भारत के वैचारिक संबंधों की ऐतिहासिक शुरुआत को देखा जाए तो स्वामी विवेकानंद की 1893 की शिकागो यात्रा एक निर्णायक क्षण के रूप में सामने आती है। वर्ल्ड्स पार्लियामेंट ऑफ रिलिजन्स में दिया गया उनका संबोधन केवल एक भाषण नहीं था, बल्कि पश्चिमी दुनिया के लिए भारतीय दर्शन का औपचारिक परिचय था। धार्मिक सहिष्णुता, सार्वभौमिकता और मानव एकता पर आधारित उनका दृष्टिकोण अमेरिकी श्रोताओं के लिए नया भी था और आकर्षक भी। इसके बाद विवेकानंद ने अमेरिका के विभिन्न नगरों में प्रवास कर वेदांत दर्शन का प्रचार किया, शिष्यों को दीक्षा दी और संस्थागत रूप से वेदांत सोसाइटियों की नींव रखी। न्यूयॉर्क राज्य के थाउजेंड आइलैंड पार्क में उनकी साधना से जुड़ा स्मारक आज भी इस बात का प्रमाण है कि भारतीय आध्यात्मिक परंपरा ने अमेरिकी भूमि पर स्थायी जड़ें जमा ली हैं।


बीसवीं सदी के उत्तरार्ध में प्रवासी भारतीय समुदाय ने अमेरिका में जिस तरह अपनी पहचान बनाई, उसने अमेरिका में भारत की छवि को एक नया आयाम दिया। आज अमेरिका में भारतीय मूल की आबादी पचास लाख से अधिक है और यह समुदाय शिक्षा, विज्ञान, चिकित्सा, सूचना प्रौद्योगिकी, व्यापार और सार्वजनिक जीवन के अनेक क्षेत्रों में प्रभावशाली भूमिका निभा रहा है। यह केवल आर्थिक सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि सांस्कृतिक आत्मविश्वास की भी कहानी है। भारतीय समुदाय ने अपने त्योहारों, भाषाओं, कलाओं और सामाजिक मूल्यों को संरक्षित रखते हुए उन्हें अमेरिकी सामाजिक ताने बाने में इस तरह पिरोया है कि वे अलग थलग नहीं, बल्कि सहभागी बन गए हैं। कुछ राज्यों की अमेरिकी सरकार ने दीपावली पर अवकाश की शुरुआत की है।


अमेरिका के अनेक राज्यों में स्थापित इंडिया कम्युनिटी सेंटर और कल्चरल सेंटर इस सांस्कृतिक आत्मविश्वास के जीवंत उदाहरण हैं। कैलिफोर्निया के मिलपीटस स्थित इंडिया कम्युनिटी सेंटर हो या न्यू जर्सी, यूटा और न्यूयॉर्क के सांस्कृतिक केंद्र, ये सभी आधुनिक चौपालों की तरह काम करते हैं। यहां योग कक्षाओं के साथ साथ बच्चों के लिए भाषा शिक्षण, संगीत और नृत्य की कक्षाएं, वरिष्ठ नागरिकों के लिए कार्यक्रम और बड़े पैमाने पर सांस्कृतिक उत्सव आयोजित होते हैं। इन केंद्रों में दूसरी और तीसरी इंडियन डायस्पोरा पीढ़ी यह सीखती है कि भारतीय होना और अमेरिकी होना परस्पर विरोधी नहीं, बल्कि एक दूसरे को एक साथ समृद्ध करने वाली पहचानें हैं।


अमेरिका के हिंदू मंदिर, जैन मंदिर और गुरुद्वारे भी केवल पूजा स्थल नहीं रह गए हैं। वे सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों के केंद्र बन चुके हैं। आरती के बाद शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति, त्योहारों के अवसर पर नाटक और भजन, भाषा कक्षाएं और सामुदायिक चर्चा सभाएं इन स्थलों को एक व्यापक सामाजिक मंच में बदल देती हैं। इस प्रक्रिया में भारतीय परंपरा धार्मिक दायरे से बाहर निकलकर सांस्कृतिक और सामाजिक जीवन का अंग बन जाती है। इस्कॉन , अक्षरधाम , कुछ भारतीय प्रवचन कर्ता गुरु अमेरिका में अनेक स्थानों पर महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। 


महात्मा गांधी के साथ साथ डॉ भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाएं भी अमेरिका में भारत की वैचारिक उपस्थिति को रेखांकित करती हैं। मैरीलैंड में स्थापित आंबेडकर की विशाल प्रतिमा सामाजिक न्याय, समानता और संवैधानिक मूल्यों की उस परंपरा को सामने लाती है, जो भारत और अमेरिका दोनों लोकतंत्रों की साझा विरासत है। यह संकेत करती है कि अमेरिका में भारत केवल आध्यात्मिक या सांस्कृतिक प्रतीकों तक सीमित नहीं, बल्कि आधुनिक लोकतांत्रिक चिंतन का भी प्रतिनिधि है।


अमेरिकी संग्रहालयों में भारतीय कला और इतिहास की उपस्थिति इस कथा का एक और महत्वपूर्ण अध्याय है। न्यूयॉर्क का मेट्रोपोलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट और सैन फ्रांसिस्को का एशियन आर्ट म्यूजियम भारतीय मूर्तिकला, चित्रकला और वस्त्र कला के समृद्ध संग्रहों के माध्यम से भारत को एक दृश्य पाठशाला की तरह प्रस्तुत करते हैं। इन दीर्घाओं में भारत केवल अतीत की सभ्यता नहीं, बल्कि जीवंत सौंदर्य परंपरा के रूप में दिखाई देता है, जो आधुनिक कला संवादों से भी जुड़ती है।


सांस्कृतिक प्रतीकों से आगे बढ़कर विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत और अमेरिका की साझेदारी अमेरिका में भारत की एक कम दिखाई देने वाली, लेकिन अत्यंत महत्वपूर्ण उपस्थिति है। इंडो यूएस साइंस एंड टेक्नोलॉजी फोरम, संयुक्त स्वच्छ ऊर्जा अनुसंधान केंद्र और अंतरिक्ष विज्ञान में इसरो और नासा के सहयोग ने दोनों देशों के वैज्ञानिक समुदायों को गहराई से जोड़ा है। प्रयोगशालाओं में काम करते भारतीय इंजीनियरिंग विशेषज्ञ और अमेरिकी वैज्ञानिक यह साबित करते हैं कि यह संबंध केवल अतीत या संस्कृति पर आधारित नहीं, बल्कि भविष्य के निर्माण में भी साझेदार है।

अमेरिका के मॉल्स में सहज ही मेड इन इंडिया कपड़े तथा अन्य वस्तुओं की उपलब्धता है। 

इन सभी तथ्यों को एक साथ देखने पर स्पष्ट होता है कि " अमेरिका में भारत" कोई एकरेखीय कहानी नहीं है। यह गांधी और विवेकानंद से शुरू होकर प्रवासी समुदाय, सांस्कृतिक केंद्रों, मंदिरों, संग्रहालयों और प्रयोगशालाओं तक निरंतर फैलती एक बहुआयामी यात्रा है। एक ओर दुनिया का सबसे पुराना आधुनिक लोकतंत्र और दूसरी ओर दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र, दोनों के बीच यह संवाद कभी विचारों के आदान प्रदान के रूप में सामने आता है, कभी सांस्कृतिक उत्सवों में और कभी साझा वैज्ञानिक परियोजनाओं में।


अमेरिका में भारत इसीलिए केवल स्मृति नहीं, बल्कि एक जीवित अनुभव है। यह अनुभव हर उस स्थान पर मौजूद है जहां भारतीय मूल्य, विचार और रचनात्मकता अमेरिकी समाज के साथ संवाद करती है और उसे समृद्ध करती है। यही संवाद इस पारस्परिक सम्बन्ध को निरंतर गतिशील और भविष्य उन्मुख बनाता है।


विवेक रंजन श्रीवास्तव

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदी के विकास में प्रवासी साहित्यकारों का योगदान

 *  अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदी के विकास में प्रवासी साहित्यकारों का योगदान


विवेक रंजन श्रीवास्तव 


प्रबुद्ध रचनाकार ( मूलतः भारतीय  किंतु प्रायः लंदन , दुबई और न्यूयॉर्क में)




हिंदी, जो भारत की राजभाषा और देश के बहुत बड़े भूभाग की जनभाषा है, अपनी सीमाओं को लांघकर अब एक वैश्विक भाषा के रूप में स्वीकार की जा रही है। हिंदी की इस विकास यात्रा में जहां बॉलीवुड, भारतीय अर्थव्यवस्था और डिजिटल प्रसार का योगदान है, वहीं एक अत्यंत महत्वपूर्ण और स्थायी योगदान प्रवासी साहित्यकारों का भी है। विश्व के विभिन्न कोनों में बसे ये रचनाकार न सिर्फ हिंदी को जीवित रख रहे हैं, बल्कि उसे नए विषयों, नई शैलियों और अंतरराष्ट्रीय संवेदना से समृद्ध करके उसके वैश्विक विकास को गति और गरिमा प्रदान कर रहे हैं। इसमें दो तरह के साहित्यकार हैं पहले वे भारतीय जो अपने बच्चों के संग विदेश जा बसे हैं, दूसरे वे  विदेशी मूल के लोग जो हिंदी सीखकर नवाचारी लेखन कर रहे हैं।


प्रवासी साहित्य यानी 'डायस्पोरा लिटरेचर' उस साहित्य को कहते हैं जो मूल देश से दूर, किसी अन्य देश में बस गए लेखकों द्वारा रचा जाता है। हिंदी प्रवासी साहित्य की शुरुआत मुख्यतः उन्नीसवीं सदी के अंत और बीसवीं सदी की शुरुआत में फिजी, मॉरिशस, सूरीनाम, त्रिनिदाद जैसे देशों में गिरमिटिया मजदूरों के रूप में गए भारतीयों की संतानों के साहित्य से होती है। उत्तर-द्वितीय विश्वयुद्ध काल में, विशेषकर 1960 के दशक के बाद से, अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, यूरोप, ऑस्ट्रेलिया, मध्य-पूर्व आदि देशों में पढ़ने, काम करने या बसने गए भारतीय मूल के लेखकों के योगदान को स्वीकार किया जाना वांछित है । जिन्होंने हिंदी में सृजन जारी रखा और उसे अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाई।




 अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदी के विकास में प्रवासी साहित्यकारों के बहुआयामी योगदान ..


प्रवासी साहित्यकार विदेशी धरती पर हिंदी के सबसे प्रत्यक्ष और प्रभावी प्रतिनिधि हैं। उनकी रचनाएँ, उनके द्वारा आयोजित कवि सम्मेलन, गोष्ठियाँ, पत्रिकाएँ और वेबसाइट्स स्थानीय लोगों को हिंदी भाषा और उसके माध्यम से व्यक्त होने वाली भारतीय संस्कृति, इतिहास, दर्शन और समकालीन सरोकारों से सीधे परिचित कराते हैं। यह अनौपचारिक प्रचार-प्रसार अत्यंत प्रभावी होता है।


 भारत में भी विदेश के प्रति अतिरिक्त अनुराग के चलते प्रवासी रचनाकारों तथा उनके लिखित साहित्य को हाथों हाथ लिया जाता है। कई संस्थान प्रवासी रचनाकारों को सम्मान प्रदान करते हैं।


    सांस्कृतिक पुल का निर्माण: 


प्रवासी रचनाकार भारतीय मूल्यों, परंपराओं, त्योहारों और जीवन दृष्टि को अपनी रचनाओं में पिरोते हैं। साथ ही, वे विदेशी समाज के साथ भारतीय समाज के टकराव, समन्वय और आत्मसातीकरण की जटिल प्रक्रियाओं को भी चित्रित करते हैं। इससे दोनों संस्कृतियों के बीच एक साहित्यिक पुल का निर्माण होता है।


    भौगोलिक विस्तार: प्रवासी लेखकों ने हिंदी को न्यूयॉर्क, लंदन, टोरंटो, सिडनी, दुबई, टोक्यो जैसे महानगरों तक पहुँचाया है। इन शहरों में हिंदी की साहित्यिक गतिविधियाँ, पत्र-पत्रिकाएँ और लेखक समूह सक्रिय हैं, जो हिंदी को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित कर रहे हैं।


    भाषा की जीवंतता का संरक्षण: विदेशी परिवेश में, जहाँ अंग्रेजी या अन्य स्थानीय भाषाओं का दबदबा है, हिंदी में सृजनात्मक लेखन करना अपने आप में भाषा के प्रति प्रतिबद्धता और उसे जीवंत रखने का संघर्ष है। यह प्रयास हिंदी को केवल भारत तक सीमित न रहने देकर उसे वैश्विक भाषा बनाने में सहायक सिद्ध हो रहा है।


लेखन की विषयवस्तु में नवाचार और विस्तार:


    द्वंद्व और अस्तित्व की खोज , प्रवासी साहित्य की सबसे बड़ी विशेषता है । 'प्रवासी चेतना' मूल देश और नए देश के बीच फटे हुए मन, अस्मिता की तलाश, सांस्कृतिक अलगाव, पीढ़ीगत अंतराल (विशेषकर प्रवासी माता-पिता और उनकी विदेश में पली-बढ़ी संतानों के बीच), नस्लीय भेदभाव और एक नई पहचान गढ़ने के संघर्ष को व्यक्त करती है। यह विषयवस्तु हिंदी साहित्य में एक नया और गहन आयाम जोड़ती है, जो भारत में रचे जा रहे साहित्य में सीमित रूप से ही उपलब्ध हो सकता था।


   वैश्विक परिप्रेक्ष्य: प्रवासी लेखकों का दृष्टिकोण और अभिव्यक्ति का कैनवास स्वाभाविक रूप से अधिक वैश्विक होता है। वे भारतीय मुद्दों जैसे राजनीति, सामाजिक समस्याएँ, पर्यावरण को एक अंतरराष्ट्रीय संदर्भ में देखते और प्रस्तुत करते हैं। साथ ही, वे वैश्विक घटनाओं युद्ध, आतंकवाद, आर्थिक संकट, प्रवासन नीतियाँ पर हिंदी में टिप्पणी करते हैं, जिससे हिंदी पाठकों का दृष्टिकोण विस्तृत होता है।


    नए जीवन-मूल्यों और चुनौतियों का चित्रण: विदेश में रहते हुए प्रवासियों को जिन सामाजिक, पारिवारिक, आर्थिक और मानसिक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है , एकाकीपन, वृद्धावस्था में सहारे का अभाव, लैंगिक भूमिकाओं में बदलाव, सांस्कृतिक रूढ़ियों से मुक्ति और नए सिरे से जीवन की शुरुआत आदि,  ये सब प्रवासी साहित्य के प्रमुख विषय बने हैं, जो हिंदी साहित्य की परिधि को विस्तृत करते हैं।


   भाषाई सम्मिश्रण या मिक्सिंग , फ्यूजन :


 प्रवासी लेखक अक्सर अपनी रचनाओं में हिंदी के साथ अंग्रेजी या अन्य स्थानीय भाषा के शब्दों का प्राकृतिक रूप से प्रयोग करते हैं।  साहित्यिक शैली और प्रस्तुति में प्रयोगधर्मिता उनके द्विभाषी जीवन की वास्तविकता को दर्शाता है और हिंदी को एक लचीली, समावेशी भाषा के रूप में प्रस्तुत करता है, जो नए शब्दों और अभिव्यक्तियों को आत्मसात कर सकती है।


    विधाओं में विविधता: प्रवासी लेखकों ने न सिर्फ कविता, कहानी, उपन्यास जैसी पारंपरिक विधाओं में, बल्कि यात्रा वृतांत, संस्मरण, निबंध, डायरी लेखन, ब्लॉग विदेशी छंद जैसे सेनेट, हाइकु, टांका आदि को हिंदी में स्थान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


  अब डिजिटल माध्यमों पर नई विधाओं (जैसे माइक्रो-ब्लॉगिंग, सोशल मीडिया कविता) में भी सक्रियता से लिखा जा रहा है। यह हिंदी साहित्य की अभिव्यक्ति के तरीकों को समृद्ध करता है।


    प्रस्तुतिकरण में आधुनिकता: डिजिटल युग में प्रवासी लेखक अक्सर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स, ई-पत्रिकाओं, सोशल मीडिया और ऑडियो-विजुअल माध्यमों का उपयोग करके अपनी रचनाओं को प्रस्तुत करने में अग्रणी रहे हैं। करोना काल ने गूगल मीट, फेसबुक लाइव, यू ट्यूब  आदि से  हिंदी साहित्य को नए पाठक वर्ग तक पहुँचाने में मदद की है।


साहित्यिक संस्थाओं और प्रकाशन का विकास:


    किताबों ,पत्र-पत्रिकाओं का प्रकाशन साहित्य को स्थाई स्वरूप देते हैं।प्रवासी लेखकों ने विदेशी धरती पर हिंदी की अनेक महत्वपूर्ण पत्रिकाओं की स्थापना की और संचालित किया है।


  'इन्हें भी जोड़े व मुझे वर्ड फाइल भेज दें - प्रमुख प्रवासी पत्रिकाओं यथा भारत से प्रकाशित गर्भनाल, प्रवासी जगत, प्रवासी चेतना; नीदरलैंडस से प्रकाशित साहित्य का विश्व रंग; कनाडा से प्रकाशित हिंदी चेतना, साहित्य कुंज, हिंदी एब्रॉड एवं वसुधा; अमेरिका से प्रकाशित विश्वा, सौरभ, सेतु, ई-कल्पना एवं अनन्य; न्यूजीलैंड से प्रकाशित भारत दर्शन; ब्रिटेन से प्रकाशित पुरवाई, आधुनिक साहित्य व लेखनी; सिंगापुर से प्रकाशित सिंगापुर संगम आदि आदि प्रिंट , ई मीडिया माध्यमों  पर  न सिर्फ प्रवासी बल्कि भारत के रचनाकारों के लिए भी परस्पर संवाद का एक महत्वपूर्ण मंच बनीं हुई हैं। इन्होंने हिंदी साहित्य की निरंतरता और प्रवासी रचनाओं के प्रकाशन को सुनिश्चित किया है।


लेखक संगठन और गोष्ठियाँ: विभिन्न देशों में हिंदी लेखक संघ, हिंदी समितियाँ और साहित्यिक मंच सक्रिय हैं। भारतीय दूतावास भी हिंदी रचनाकारों को जोड़कर आयोजन कर रहे हैं। ये संस्थाएँ कवि सम्मेलनों, गोष्ठियों, सेमिनारों और कार्यशालाओं का आयोजन करके साहित्यिक वातावरण बनाए हुए हैं। इससे नए लेखकों को प्रोत्साहन मिलता है । ये हिंदी साहित्य को क्षेत्रीय सामुदायिक गतिविधि से जोड़ती दिखती हैं।


    प्रकाशन की सुविधा: प्रवासी लेखकों ने कई छोटे-बड़े प्रकाशन गृह भी स्थापित किए हैं या स्थानीय प्रकाशकों को हिंदी साहित्य छापने के लिए प्रेरित किया है, जिससे प्रवासी रचनाओं के प्रकाशन का मार्ग प्रशस्त हुआ है। आर्थिक रूप से प्रवासी साधन सम्पन्न हैं अतः वे भारत में भी बड़े प्रकाशकों से सहज ही छप रहे हैं।


शैक्षणिक और बौद्धिक योगदान:


    विदेश में हिंदी शिक्षण में कई प्रवासी साहित्यकार योगदान कर रहे हैं। विदेशी विश्वविद्यालयों में वे हिंदी भाषा और साहित्य पढ़ाते हैं। वे न केवल भाषा सिखाते हैं बल्कि हिंदी साहित्य के अध्ययन-अध्यापन को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक शैक्षणिक विषय के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके शोध और आलोचनात्मक लेखन से हिंदी साहित्य को नए सैद्धांतिक ढांचों में समझने का अवसर मिलता है।


    लोक भाषा और अनुवाद कार्य: प्रवासी लेखक अक्सर द्विभाषी या बहुभाषी होते हैं। वे हिंदी साहित्य को विदेशी भाषाओं में और विदेशी साहित्य को हिंदी में अनूदित करके सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देते हैं। इससे हिंदी साहित्य को वैश्विक पाठक मिलते हैं और हिंदी पाठकों को विश्व साहित्य से परिचित होने का मौका मिलता है।


प्रवासी साहित्यकारों का मार्ग सरल नहीं है। उन्हें अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।   प्रकाशन और वितरण की समस्या: विदेशों में हिंदी पुस्तकों का प्रकाशन महँगा है और भारत से पुस्तकें मँगवाना या वितरित करना कठिन एवं खर्चीला होता है ।  पाठक वर्ग का सीमित होना: विदेशों में हिंदी पढ़ने-समझने वालों की संख्या सीमित है, जिससे पाठकीय प्रतिक्रिया और प्रोत्साहन का अभाव रहता है।


  सांस्कृतिक अलगाव का खतरा: लंबे समय तक विदेश में रहने से मूल संस्कृति और भाषा के प्रति सूक्ष्म अलगाव पैदा हो सकता है, जिसका प्रभाव रचना पर पड़ सकता है।


   पीढ़ीगत भाषाई अंतराल: दूसरी-तीसरी पीढ़ी के प्रवासियों के लिए हिंदी को सृजनात्मक स्तर पर थामे रखना एक बड़ी चुनौती है।


  मुख्यधारा में पहचान की कठिनाई: कभी-कभी भारत की साहित्यिक मुख्यधारा में प्रवासी साहित्य को उचित स्थान और मान्यता मिलने में समय लगता है। डिजिटल क्रांति ,  इंटरनेट, ई-पुस्तकें, ऑनलाइन पत्रिकाएँ, सोशल मीडिया, ब्लॉग्स और ऑडियो-विजुअल प्लेटफॉर्म्स ने प्रकाशन और वितरण की बाधाओं को काफी हद तक दूर कर दिया है। भविष्य की संभावनाएँ उज्ज्वल हैं।  प्रवासी लेखक इनका भरपूर उपयोग कर रहे हैं।


  भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव के साथ-साथ हिंदी की माँग भी बढ़ रही है। विदेशी विश्वविद्यालयों में हिंदी पाठ्यक्रमों का विस्तार हो रहा है। दूसरी-तीसरी पीढ़ी के कई प्रतिभाशाली युवा, जो द्विभाषी हैं, हिंदी में रचनात्मक लेखन को नए रूपों में आगे बढ़ा रहे हैं।


बढ़ता सहयोग , विश्वविद्यालय स्तर पर आदान प्रदान, भारत और विदेशों के साहित्यकारों, प्रकाशकों और संस्थानों के बीच सहयोग बढ़ रहा है, जिससे प्रवासी साहित्य को अधिक पहचान मिल रही है।


अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदी के विकास में प्रवासी साहित्यकारों का योगदान अतुलनीय और बहुआयामी है। वे केवल भाषा को बचाए रखने वाले संरक्षक ही नहीं, बल्कि उसे नए विषयों, नई संवेदनाओं और नए प्रयोगों से समृद्ध करने वाले नवोन्मेषक भी हैं। उन्होंने हिंदी को एक वैश्विक भाषा के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनकी रचनाएँ प्रवासी भारतीयों के मनोवैज्ञानिक और सामाजिक अनुभवों का अद्वितीय दस्तावेज हैं, जो हिंदी साहित्य की विषयवस्तु को अभूतपूर्व विस्तार देती हैं। डिजिटल युग में उनकी भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है। निस्संदेह, हिंदी के वैश्विक मानचित्र पर अपना गौरवशाली स्थान बनाने में प्रवासी साहित्यकारों का लेखनीय संघर्ष और सृजनात्मक ऊर्जा एक निर्णायक कारक रही है और भविष्य में भी रहेगी। वे हिंदी को 'वसुधैव कुटुम्बकम्' की भावना को साकार करते हुए वास्तव में विश्वभाषा बनाने की दिशा में अग्रसर हैं।


विवेक रंजन श्रीवास्तव 


संप्रति 


A233, old Minal residency j K road Bhopal Madhya Pradesh 


Bhopal 


462023


Mo +917000375798

बाल कथा तिरंगे फुग्गो का गुच्छा

 बाल कथा 

तिरंगे फुग्गो का गुच्छा

विवेक रंजन श्रीवास्तव



 आज गणतंत्र दिवस था . सारे बच्चे धुली , प्रेस की हुई यूनीफार्म में सुबह सुबह ही स्टेडियम के प्रांगण में एकत्रित हो चुके थे . 

 तिरंगे झण्डे की छाया में खडे , बंद गले का जोधपुरी सूट पहने , सफेद टोपी लगाये गर्व से सीना फुलाये हुये मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी ली . उद्घोषणा हुई आकाश की असीम उंचाईयों तक तिरंगे का संदेश पहुंचाने के लिये गैस के गुब्बारे "बंच आफ ट्राई कलर बैलून्स" .. तिरंगे फुग्गो का गुच्छा

छोड़ कर हर्ष व्यक्त किया जावेगा . सजी सुंदर दो लडकियों ने केसरिया , सफेद , हरे गुब्बारो के गुच्छे मुख्य अतिथि की ओर बढ़ाये . 

 शौर्य , देश भक्ति और साहस के प्रतीक ढ़ेर सारे केसरिया गुब्बारों के धागे कुछ लम्बे थे और इस तरह गुच्छे में केसरिया फुग्गे सबसे ऊपर इठला रहे थे .  

  सफेद गुब्बारो के धागे कुछ छोटे थे . उद्घोषक की भाषा में सफेद रंग के ये गुब्बारे शांति , सदभावना और समन्वय को प्रदर्शित करते थे . इन्हीं सफेद गुब्बारो में एक गुब्बारा गहरे नीले रंग का भी बंधा हुआ था . यह तिरंगे के अशोक चक्र की अनुकृति के रुप में गुच्छे में बंधा था . वही अशोक चक्र जो सारनाथ के अशोक स्तंभ से तिरंगे में समाहित किया गया है . यह चक्र राष्ट्र की गतिशीलता , समय के साथ प्रगति तथा अविराम बढ़ते रहने को दर्शाता है . 

 गुच्छे में सबसे नीचे हरे रंग के खूब सारे फुग्गे थे . देश के कृषि प्रधान होने , विकास और उर्वरता के प्रतीक है तिरंगे का हरा रंग .  

 मुस्कुराते हुये मुख्य अतिथि जी ने तिरंगे फुग्गो का गुच्छा हवा में उड़ा दिया . फोटोग्राफर अपने कैमरे को फुग्गों पर फोकस करने लगा . बच्चो ने तालियां बजाई . लैंस जूम कर , आकाश में गुब्बारो के गुम होते तक जितनी बन पड़ी उतनी फोटो खींच ली गईं . कल के अखबारो में समाचार के साथ ये आकर्षक फोटो छपेंगी . नीले आसमान के बैकग्राउंड में , सूरज की सुनहली धूप के साथ , बंच आफ ट्राई कलर बैलून्स इन स्काई की फोटो वाली खबर हर किसी के मन में देशभक्ति का जज्बा पैदा कर देती है . ओजस्वी उद्घोषणा होती है " झंडा उंचा रहे हमारा , विजयी विश्व तिरंगा प्यारा " तो सचमुच स्टेडियम में उपस्थित हर किसी का सीना गर्व से थोड़ा बहुत जरूर फूल जाता है . 

 एक दूसरे से बातें करते गैस के केसरिया , सफेद और हरे गुब्बारे , गणतंत्र दिवस की खुशियां समेटे ऊपर और ऊपर , नीले आकाश में उड़ चले . 

 नीले गुब्बारे ने कहा कि कौन से अदृश्य हाथ हैं जो तिरंगे के प्रतीक हम गुब्बारों को अलग अलग अपनी मर्जी से उड़ाना चाहता है ?  

 केसरिया गुब्बारे ने कहा कि संविधान में केवल अधिकार नहीं कर्तव्य भी तो दर्ज हैं . दरअसल देश का जन गण मन तो वह है , जहां फारूख रामायणी अपनी शेरो शायरी के साथ राम कथा कहते हैं . जहां मुरारी बापू के साथ ओस्मान मीर , गणेश और शिव वंदना गाते हैं . हरा गुब्बारा बोला फिल्म बैजू बावरा का भजन सुना है न भैया , "मन तड़पत हरि दर्शन को आज" . उसने बतलाया कि इस अमर गीत के संगीतकार नौशाद जी थे . गीत शकील बदायूंनी जी ने लिखा है , तथा गायक मोहम्मद रफी हैं . तिरंगे ने कभी भी इन संगीत के महारथियों से उनके धर्म नही पूछे . 

  आसमान के अनंत सफर पर तिरंगे फुग्गों के गुच्छे को जैसे ही तेज हवा के थपेड़े ने अलग अलग करना चाहा हरे सफेद और केसरिया फुग्गो ने एक दूसरे के धागों को संभाल लिया . और वे संग संग शांति , अविराम प्रगति और विकास का संदेशा लिये कुछ और ऊपर उड चले . 

 नीचे स्टेडियम के आयोजन में बच्चे ड्रिल कर रहे थे , और बैंड धुन बजा रहा था "इस देश को रखना मेरे बच्चों संभाल के" .

‍‍... विवेक रंजन श्री

वास्तव

नाटक स्थिति नियंत्रण में है !

 


नाटक

स्थिति नियंत्रण में है !

देश की कानून व्यवस्था पर व्यंग , डी पी एस लखनऊ के कल्चरल सैल के आग्रह पर विशेष रूप से लिखित


लेखक

विवेक रंजन श्रीवास्तव विनम्र

A १ , विद्युत मण्डल कालोनी , रामपुर , जबलपुर

०९४२५८०६२५२


कलाकारः

1. आम आदमी (सूत्रधार) सामान्य कपड़ो में

२ आम महिला साड़ी में

३ इंस्पैक्टर खाकी वर्दी में

४ एक युवा लड़की भड़कीली पोशाक में

८ गले में रंगीन रूमाल डाले हुये गली के शोहदे २ लड़के

५ अखबार का लिबास पहने हुये ..अखबार के रूप में एक लड़का

६ टी वी चैनल का पत्रकार ..हाथो में माइक लिये हुये

७ आतंकवादी की सूरत में एक लड़का

८ भीड़ से दो लड़के


सामग्री

1. एक स्कूल का घंटा

2 एक बैग में बम

३ एक स्टूल

स्थलः सडक के किनारे कोई चैराहे का नुक्कड


सूत्रधार आम आदमी … घंटा बजाते हुये ….टन टन टन ….. लो हो गई अदालतो की गर्मी की छुट्टियां ! सुप्रिम कोर्ट में ६० हजार प्रकरण लंबित हैं ! ४४ लाख प्रकरण देश के विभिन्न हाई कोर्टो में और लगभग तीन करोड़ प्रकरण निचली अदालतो में पेंडिंग हैं . और हो गई अदालतो की महीने भर की छुट्टियां ! अब जज साहबान गर्मी मनाने बच्चो बीबी के साथ पहाड़ों पर जायेंगे !


आम महिला ……… .अंग्रेजो की गुलामी के दिनो की याद है ? तब एसी , कूलर बिजली के पंखे नही होते थे … तब गर्मियो में पूरी राजधानी ही पहाड़ो पर शिफ्ट कर दी जाती थी … क्योकि अंग्रेजो को गरमी बर्दाश्त नहीं होती थी . गर्मियो की छुट्टियां अंग्रेजो की ही देन है जिसे अदालतें आज भी ज्यो का त्यों ढ़ो रही हैं , ठीक वैसे ही जैसे अदालतो की अंग्रेजी और खास गैर हिन्दी भाषा .


सूत्रधार आम आदमी .. अरे कोई तो बता दो इन जज साहब को कि जस्टिस डिलेयेड इज जस्टिस डिनायड . अब कब तक कानून आंखो पर पट्टी बांधे अंधा बना रहेगा ? कब तक न्याय पेशी दर पेशी बरसों पकता रहेगा जैसे बीरबल की खिचड़ी ! देश के राष्ट्रीय ला संस्थानो से पाँच साला एल एल बी कोर्स के पढ़े लिखे होनहार युवाओ में संभावना की कौंध नजर आती है , पर वे भी कारपोरेट जगत की हाई पैकेज वाली चकाचौंध से प्रभावित हैं और उन्हें इस चमक से बचाने के कोई प्रयास भी नही हो रहे . यहाँ आज न्याय की रक्षा करने वाले बैरिस्टर कम और कानून के लूप होल में से मल्टी नेशनल्स के लिये मोटी रकम निकालने वाले कारपोरेट ला विशेषज्ञ अधिक बन रहे हैं .

अदालतो में आज भी वही ईवनिंग क्लासेज से ला किये हुये वकील ही काम कर रहे हैं , हर पेशी में मिलने वाली फीस में फैसले से ज्यादा रुचि होना उनकी परिस्थितियो की मजबूरी है .

इंस्पैक्टर ….. क्या हो हल्ला मचा रखा है ..अदालतें बंद हैं महीने भर को , तो क्या है ..तुम्हें पता नही है क्या कि जस्टिस हरीड इज जस्टिस बरीड ! और श्रीमान आम आदमी तुम्हें क्या , जवान उठाई और पटक दी , लगे सरकार को कोसने ! तुम इतना तक नही जानते कि न्याय की देवी ने आंखो पर पट्टी इसलिये नहीं बांधी है कि कानून अंधा है , बल्कि इसलिये बांधी है क्यो कि कानून के लिये सब बराबर हैं ! कानून सबूत मागता है , वह तुम्हारी तरह भावनाओ से बहकता नही है ..सबूत ढ़ूंढ़ने के लिये पुलिस है , प्रशासन है , सबूत पेश करने के लिये काले कोट में वकील हें … .अदालतें कम हैं तो क्या हुआ …केस ज्यादा हैं तो क्या हुआ …सब ठीक ठाक ही है … स्थिति नियंत्रण में है !

इंस्पैक्टर बैठ जाता है .


युवा लड़की भड़कीली पोशाक में इतराते हुये …कुछ किताबें लिये हुये , मोबाइल पर बात करते प्रवेश करती है .


गले में रंगीन रूमाल डाले हुये गली के शोहदे लड़के उसे छेड़ते हुये …ओय होय !! ………. चलती क्या खंडाला !


लड़की …. सैंडिल उतारकर लड़को की ओर मुखातिब होकर …. मैं आजाद देश की प्रगतिशील लड़की हूं ! लड़को से हर दौड़ में एक कदम आगे , मुझे छेड़ते हो !


इंस्पैक्टर ….दौड़कर लड़की का हाथ पकड़कर ..हाथ ऊंचे उठाते हुये…… कानून महिलाओ के साथ है .


सूत्रधार आम आदमी…. देश प्रगति कर रहा है , पश्चिमी देशो की बराबरी कर रहा है नारी की पूजा अब पिछड़ेपन की बातें हैं . अब हमने पत्रिका के पन्नो पर नारी देह को विज्ञापनो में परोसने में प्रगति के सूत्र ढ़ूढ़ निकालें है . मुन्नी बदनाम हुई और शीला की जवानी जैसे फिल्मी गीतो ने राष्ट्रीय लोकप्रियता के रिकार्ड बनाये हैं , सेंसर से स्वीकृत ऐसी फिल्मो को हम ही बाक्स आफिस पर हिट कर रहे हैं .समाज ने ऐसी व्यवस्था को स्वीकार कर लिया है कि एक क्लिक पर चंद रुपयो के लिये स्त्री स्वयं सारे बंधनो से मुक्त हो रही है .


आम महिला ………हर बरस देश में लगभग २० से २५ हजार … बलात्कार के प्रकरण पुलिस रिकार्ड में दर्ज हो रहे हैं , और पुलिस के बड़े बूढ़ो का कहना है कि इससे कहीं ज्यादा घटनायें आन रिकार्ड आती ही नही है ….. देश की राजधानी तक में लड़कियो के साथ तरह तरह से बत्ततमीजियां हो रही हैं . तंदूर में जिंदा जला दी गई लड़कियां . लड़कियो के शरीर के टुकड़े टुकड़े करके सूटकेस में भरकर फेका तक है दंरदियो ने . ८ साल से ६० साल तक की स्त्री ही नही , नन्ही सी बच्ची भी सैक्स वृत्ति जनित अपराधो से बच नही पा रही ! ळड़कियो की खरीद फरोख्त हो रही है ..कैसे हब्शी युग में जा पहुंचे हैं हम ? पुलिस थानो में भी महिलायें असुरक्षित हैं .


इंस्पैक्टर … लेकिन जनता बिलकुल कनफ्यूज न हो ..महिला थाने बनाये गये हैं . निर्भया फंड आबंटित हो चुका है . दामिनी की कुर्बानी बेकार नही गई है . जनता जाग गई है , …धीरे से…. अब हम सो सकते हैं .. सारी जस्ट फार जोक ! स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है ! और इसका प्रमाण भी है .. लाखो लड़कियां अपने घरो से दूर उच्च शिक्षा ले रही हैं , नौकरियां कर रही हैं , रोज बसों , मैट्रो में ट्रेवल कर रही हैं . रात की पारी में दफ्तरो कारखानो में पुरुषो के कंधो से कंधे मिलाकर काम कर रहीं हैं , देश की प्रगति में अपना योगदान दे रहीं हैं . है ना स्थिति नियंत्रण में !

इंस्पैक्टर बैठ जाता है .


अखबार का लिबास पहने हुये ..अखबार के रूप में एक लड़का गोल घुमता हुआ भीड़ के बीच से केंद्र में प्रवेश करता है …. आज की ताजा खबर ! साइबर क्राइम ब्रांच ने पकड़ा मंत्री जी के विरुद्ध टिप्पणी करने वालो को ! सोशल मीडिया पर सरकार की होगी नजर ….

सूत्रधार आम आदमी…. फेसबुक पर की गई एक बौद्धिक टिप्पणी या एक कार्टून तो मंत्री जी को नागवार गुजरते हैं और इस साइबर क्राइम को रोकने सारा तंत्र सक्रिय हो जाता है , पर सरकार उस दहशत गर्द को कभी नही पकड़ पाती जिसकी फैलाई अफवाहो से दक्षिण भारत से सारे पूर्वोत्तर राज्यो के कामकाजी लोगो को बेवजह पलायन करना पड़ा और सरकार के नुमांइदो को बयान देना पड़ा था कि स्थिति नियंत्रण में है !


आम महिला …… अभिव्यक्ति का अधिकार हमारा मौलिक संवैधानिक अधिकार है . सोशल मीडिया पर यह सरकारी पहरेदारी कितनी सही कितनी गलत है ? कोई बतायेगा ! अगली बार फिर से कम्प्यूटर के जरिये कोई अफवाह कोई दहशत कोई आतंक न फैले ,आतंकवादियो को मदद न मिले इंटरनेट से . ई मनी के इस समय में देश की अर्थ व्यवस्था ही जाम न हो जावे हैकिंग से … इसके लिये जरूरी है कि इंटरनेट पर नियंत्रण हो , ई मेल एड्रेस का पंजीकरण लागू किया जावे .


सूत्रधार आम आदमी…. इंटरनेट ने देश से भ्रष्टाचार मिटाने में और कानून व्यवस्था लागू करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है . चाहे रेल रिजर्वेशन हो , सरकारी योजनाओ के अनुदान हों , बिलों के भुगतान हों हमें जहां इस आधुनिक संसाधन का व्यापक जनहित में बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करना होगा वहीं यह भी देखना होगा कि दूषित सामग्री वाली पोर्न साइट्स हमारी नई पीढ़ी को दिग्भ्रमित न कर सकें .


इंस्पेक्टर … जनता की ओर मुखातिब होकर …अरे साहबान आप इन बेचारे सूत्रधार को केवल नुक्कड़ नाटक का सूत्र ही संभालने दें . आप जरा भी चिंतित न हों . इस देश की कानून व्यवस्था को संभालने के लिये इस देश में अब भी पुलिस है ! मैं हूं ! बड़े बड़े आई पी एस , आई ए एस अफसर हैं …लाल बत्तियो की गाड़ियो पर सवार बड़े बड़े मंत्री हैं ! स्थिति नियंत्रण में हैं !

इंस्पैक्टर बैठ जाता है .


टी वी चैनल का पत्रकार ..हाथो में माइक लिये हुये प्रवेश करता है . ब्रेकिंग न्यूज ! नक्सलवादियो ने फिर किया बारूदी सुरंगो का विस्फोट . परिवर्तन यात्रा पर बड़ा हमला . कई घायल .


सूत्रधार आम आदमी …महात्मा गांधी को देश के नेताओं ने आजादी के बाद अपने-अपने ढंग से उपयोग किया है . उनकी सफेद खादी राजनेताओ की यूनीफार्म बन गई है , जिसे पहनकर वे हर संभव काले कारनामे कर रहे हैं . कोई गांधी की लाठी ले भागा है और उसे भांजकर छल बल से वोट बटोर रहा है . कोई उनके राम के नाम को भुना कर वोटो में तब्दील कर रहा है . शपथ लेने ,अनशन करने और विदेशी अतिथियो को घुमाने के लिये गांधी को राष्ट्रपिता बनाकर उनकी एक संगमरमरी समाधि बना दी गई है . गांधीवाद दम तोड़ चुका है . जहां हमारी सीमायें विदेशी आतंक से बुरी तरह प्रभावित हैं वहीं देश के भीतरी हिस्सो में भी आतंकवादी जब तब कानून व्यवस्था एजेंसियो के तालमेल में अभाव के चलते छोटी बड़ी वारदातें करने में सफल हो रहे हैं . सीरियल बम विस्फोट की कई घटनायें देश के कई शहरो में घट चुकी हैं . देश की आजादी का जश्न हो या गणतंत्र दिवस का भव्य आयोजन हर बार जैसे सुरक्षा बलो की अग्नि परीक्षा होती दिखती है .


आम महिला … विदेशी आतंक के साथ ही आंतरिक आतंक नक्सलवाद की शक्ल में अपनी जड़ें जमा चुका है . राज्यो की सीमावर्ती क्षेत्रो में , आदिवासी बहुल इलाकों में नक्सल गतिविधियां चरम पर हैं . प्रत्येक घटना के ठीक बाद मंत्री जी के शांति बनाये रखने के खोखले बयान , जाँच करके वास्तविक दोषी को सजा दिलाये जाने के आश्वासन आम नागरिको के लिये विश्वसनीय नही रह गये हैं . मानवाधिकार संगठनों के आंदोलन , राजनैतिक पार्टयो के बंद , इन सब से आम नागरिक ऊब चुका है .


इंस्पेक्टर … टी वी के हर बुलेटिन में इन कड़वे सच को ब्रेकिंग न्यूज के रूप में देखकर भी , हर सुबह अखबार की सुर्खियो में देश के ऐसे बदसूरत हालात चाय की घूंट के साथ पीते हुये भी , जनता एक सुखद भविष्य की कामना में चार लगभग समान राजनैतिक ठग चेहरो में से किसी एक को वोट देकर चुनती ही है . लोकतंत्र कायम है और दुनिया के दूसरे देशो से कही बेहतर है . स्थिति नियंत्रण में है . हर घटना हमें एक शिक्षा देती है , बेहतर समन्वय से , बेहतर व्यवस्था से देश का प्रशासन हर नागरिक को पूरी सुरक्षा देने को प्रतिबद्ध है .


तभी भीड़ के एक हिस्से में हलचल मचती है , और भीड़ से दो युवक एक आतंकवादी को पकड़ कर केंद्र में लाते हैं . इंस्पेक्टर साहब संभालिये इसे यह संदिग्ध आदमी यहां यह बैग छोड़कर भाग रहा था . इंस्पेक्टर बैग खोलकर देखता है और बम निकालता है .

इंस्पेक्टर … आतंकवादी को कालर से पकड़कर , अच्छा तो तुम यहां बम विस्फोट करना चाहते थे . पर मेरे देश के नौजवानो ने कर दी ना तुम्हारी कोशिश नाकाम .शाबास नौजवानो !


सभी कलाकार हाथ जोड़कर मानव श्रंखला बनाकर आतंकवादी को गोल घेरे में ले लेते हैं .

इंस्पेक्टर …स्टूल पर खड़े होकर

दोस्तो ! अकेली सरकार कुछ नही कर सकती . हम सब को ऐसे ही चौकस रहना होगा . जब तक हम सतर्क हैं और अपने अपने परिवेश , अपने घर के आस पास , सार्वजनिक स्थलो पर चौकन्ने हैं तब तक


कोई भी अपराधी सफल नही हो सकता . इस देश की सवा अरब की आबादी ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है . क्लोज सर्किट कैमरो की निगरानी , ढ़ेर सी पुलिस से बढ़कर है हमारी परस्पर संवेदना , जागरुखता , सामयिक , तात्कालिक बुद्धि से उठाया गया छोटा सा कदम . प्रायः भगदड़ से होने वाली दुर्घटनाओ का मूल कारण किसी एक व्यक्ति द्वारा नियमो को तोड़कर जल्दबाजी मचाना होता है . जरूरी है कि भीड़ में हम सब संयम से काम लें कतार में कार्य करें . कानून आपके साथ है , पर आपको भी कानून का साथ देना होगा . उठाईगिर , पिक पाकेट या यौन अपराधी तक समाज की सतर्कता से कभी भी उसके मकसद में कामयाब नही हो सकता . सड़क दुर्घटना में पीड़ित के प्रति हमारी संवेदनशील त्वरित कार्यवाही उसकी जान बचा सकती है . आइये संकल्प करें कि केवल सरकारी तंत्र को दोष देने के बजाय हम अपनी सोच बदलेंगें और घर बाहर अपने कान , नाक , आंखे खुली रखकर पुलिस की हर संभव सहायता करेंगे . क्योकि बढ़ती आबादी के दबाव में हमारे इसी प्रयास से रहेगी स्थिति नियंत्रण में .



.................................................................................................................................................


vivek ranjan shrivastava



आत्म कथ्य


    ये दुनिया एक रंगमंच है . हम सब छोटे बड़े कलाकार और परमात्मा शायद सबका निर्देशक है जिसके इशारो पर हम उठते गिरते परदे और प्रकाश व ध्वनि के तेज कम होते नियंत्रण के साथ अपने अपने चरित्र को जी रहे हैं . जो कलाकार जितनी गम्भीरता से अपना किरदार निभाता है , दुनिया उसे उतने लम्बे समय तक याद रखती है .

    एक लेखक की दृष्टि से सोचें तो अपनी भावनाओ को अभिव्यक्त करने की अनेक विधाओ में से नाटक एक श्रेष्ठ विधा है . कविता न्यूनतम शब्दो में अधिकतम कथ्य व्यक्त कर देती है ,किन्तु संप्रेषण तब पूर्ण होता है जब पाठक के हृदय पटल पर कविता वे दृश्य रच सकें जिन्हें कवि व्यक्त करना चाहता है . वहीं नाटक चूंकि स्वयं ही दृश्य विधा है अतः लेखक का कार्य सरल हो जाता है , फिर लेखक की अभिव्यक्ति को निर्देशक तथा नाटक के पात्रो का साथ भी मिल जाता है . किन्तु आज फिल्म और मनोरंजन के अन्य अनेक आधुनिक संसाधनो के बीच विशेष रूप से हिन्दी में नाटक कम ही लिखे जा रहे हैं . एकांकी , प्रहसन , जैसी नाट्य विधायें लोकप्रिय हुई हें . इधर रेडियो रूपक की एक नई विधा विकसित हुई है जिसमें केवल आवाज के उतार चढ़ाव से अभिनय किया जाता है . नुक्कड़ नाटक भी नाटको की एक अति लोकप्रिय विधा है . प्रदर्शन स्थल के रूप में किसी सार्वजनिक स्थल पर एक घेरा, दर्शकों और अभिनेताओं का अंतरंग संबंध और सीधे-सीधे दर्शकों की रोज़मर्रा की जिंद़गी से जुड़े कथानकों, घटनाओं और नाटकों का मंचन, यह नुक्कड़ नाटको की विशेषता है .

    हिन्दी सिनेमा में अमोल पालेकर , फारूख शेख , शबाना आजमी जैसे अनेक कलाकार मूलतः नाट्य कलाकार ही रहे हैं . किन्तु नाट्य प्रस्तुतियो के लिये सुविधा संपन्न मंचो की कमी , नाटक से जुड़े कलाकारो को पर्याप्त आर्थिक सुविधायें न मिलना आदि अनेकानेक कारणो से देश में सामान्य रूप से हिन्दी नाटक आज दर्शको की कमी से जूझ रहा है . लेकिन मैं फिर भी बहुत आशान्वित हूं , क्योकि सब जगह हालात एक से नही है . जबलपुर में ही तरंग जैसा प्रेक्षागृह , विवेचना आदि नाट्य संस्थाओ के समारोहो में दर्शको से खचाखच भरा रहता है . सच कहूं तो नाटक के लिये एक वातावरण बनाने की जरूरत होती है .जबलपुर में यह वातावरण बनाया गया है . यहाँ नाटक अभिजात्य वर्ग में अति लोकप्रिय विधा है . सरकारें नाट्य संस्थाओ को अनुदान दे रहीं हैं .हर शहर में नाटक से जुड़े , उसमें रुचि रखने वाले लोगो ने संस्थायें या इप्टा अर्थात इंडियन पीपुल थियेटर एसोशियेशन जैसी १९४३ में स्थापित राष्ट्रीय संस्थाओ की क्षेत्रीय इकाइयां स्थापित की हुई हैं . और नाट्य विधा पर काम चल रहा है . वर्कशाप के माध्यम से नये बच्चो को अभिनय के प्रति प्रेरित किया जा रहा है . पश्चिम बंगाल व महाराष्ट्र में अनेक निजी व संस्थागत नाट्य गृह संचालित हैं , दिल्ली में राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय , भोपाल में भारत भवन आदि सक्रिय संस्थाये इस दिशा में अपनी भूमिका का निर्वाह कर रही हैं .नाटक के विभिन्न पहलुओ पर पाठ्यक्रम भी संचालित किये जा रहे हैं . 

    जरूरत है कि नाटक लेखन को और प्रोत्साहित किया जावे क्योकि आज भी जब कोई थियेटर ग्रुप कोई प्ले करना चाहता है तो उन्ही पुराने नाटको को बार बार मंचित करना पड़ता है .नाटक लेकन पर कार्यशालाओ के आयोजन किये जाने चाहिये , मेरे पास कई शालाओ के शिक्षको के फोन आते हैं कि वे विशेष अवसरो पर नाटक करवाना चाहते हैं पर उस विषय का कोई नाटक नही मिल रहा है , वे मुझसे नाटक लिखने का आग्रह करते हैं , मैं बताऊ मेरे अनेक नाटक ऐसी ही मांग पर लिखे गये हैं . मेरे नाटक पर इंटरनेट के माध्यम से ही संपर्क करके कुछ छात्रो ने फिल्मांकन भी किया है . संभावनायें अनंत हैं . आगरा में हुये एक प्रयोग का उल्लेख जरूरी है , यहां १७ करोड़ के निवेश से अशोक ओसवाल ग्रुप ने एक भव्य नाट्यशाला का निर्माण किया है , जहां पर "मोहब्बत दि ताज" नामक नाटक का हिन्दी व अंग्रेजी भाषा में भव्य शो प्रति दिन वर्षो से जारी है , जो पर्यटको को लुभा रहा है . अर्थात नाटको के विकास के लिये सब कुछ सरकार पर ही नही छोड़ना चाहिये समाज सामने आवे तो नाटक न केवल स्वयं संपन्न विधा बन सकता है वरन वह लोगो के मनोरंजन , आजीविका और धनोपार्जन का साधन भी बन सकता है .  

   

परिचय

......... विवेक रंजन श्रीवास्तव विनम्र 


मूलतः व्यवसाय से इंजीनियर पर गंभीर व्यंगकार , हिन्दी में नाटक ,कविता , तकनीकी लेखन , वैचारिक लेख हेतु जाना पहचाना देश व्यापी नाम .

 २००५ से हिन्दी ब्लाग में सतत सक्रिय 


जन्म २८.०७.१९५९ , मंडला म.प्र.


शिक्षा बी ई सिविल एन आई टी रायपुर से 

   पोस्ट ग्रेजुयेशन फाउंडेशन इंजीनियरिंग एम ए सी टी भोपाल से

   इंदिरा गांधी ओपन युनिवर्सिटी दिल्ली के चार्टर बैच से मैनेजमेंट में उपाधि 

  मैनेजर ब्यूरो आफ इनर्जी एफिशियेंसी 


  

शासकीय सेवा   

पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी जबलपुर में प्रमुख सिविल संकाय अतिरिक्त मुख्य अभियंता सिविल के रूप में सेवारत 

विभिन्न पदो पर कार्य करते हुये अनेक महत्वपूर्ण योजनाओ को मूर्त रूप दिया 

निर्माणाधीन परमाणु बिजलीघर चुटका जिला मण्डला की प्रजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने , निर्मित हो चुकी व सफलता पुर्वक वर्षो से चल रही लघु पन बिजली परियोजना भीमगढ़ , चरगांव आदि की प्रोजेक्ट रिपोर्ट व हाईड्रोलाजी तैयार करने के महत्वपूर्ण कार्य 


कंपनी के जन संपर्क अधिकारी के रूप में सफलता पूर्वक कार्य निर्वहन

कंपनी की गृह पत्रिका विद्युत ब्रह्मेति का संपादन 

देश की पहली ब्लागजीन ब्लागर्स पार्क का संपादन 


प्रकाशित किताबें , ई मीडिया पर भी डेली हंट मोबाईल एप सहित पुस्तकें सुलभ 

             रामभरोसे व्यंग संग्रह

          मेरे प्रिय व्यंग लेख

          कौआ कान ले गया व्यंग संग्रह

   धन्नो बसंती और बसंत व्यंग संग्रह 

             हिंदोस्ता हमारा नाटक संग्रह

             जादू शिक्षा का नाटक

              जल जंगल और जमीन

         बिजली का बदलता परिदृश्य

आकाशवाणी व दूरदर्शन से अनेक प्रसारण , रेडियो रूपक लेखन .

उपलब्धियाँ 

    हिंदोस्तां हमारा नाटक संग्रह को ३१००० रु का साहित्य अकादमी हरिकृष्ण प्रेमी पुरस्कार

     रेड एण्ड व्हाइट १५००० रु का राष्टीय पुरुस्कार सामाजिक लेखन हेतु

     रामभरोसे व्यंग संग्रह को राष्टीय पुरुस्कार दिव्य अलंकरण

    कौआ कान ले गया व्यंग संग्रह को कैलाश गौतम राष्ट्रीय सम्मान

    जादू शिक्षा का नाटक को ५००० रु कासेठ गोविंद दास कादम्बरी राष्ट्रीय सम्मान

    म. प्र. शासन का ५००० रु का प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार जादू शिक्षा का नाटक को

    खटीमा उत्तरांचल स्थित बाल कल्याण संस्थान द्वारा विशेष रूप से बाल रचना हेतु सम्मानित

        सुरभि टीवी सीरियल में मण्डला के जीवाश्मो पर फिल्म का प्रसारण , युवा फिल्मकार सम्मान

वर्तिका पंजीकृत संस्था के प्रांतीय अध्यक्ष , 

प्रणाम मध्यप्रदेश के आंचलिक संयोजक 

साहित्य अकादमी के पाठक मंच संयोजक के रूप में निरन्तर साहित्य सेवा 



ब्लागिंग २००५ से हिन्दी ब्लागिंग http://vivekkevyang.blogspot.com http://nomorepowertheft.blogspot.com व अन्य ब्लाग

ईमेल vivekranjan.vinamra@gmail.com

संपर्क बंगला नम्बर ऐ १ , विद्युत मंडल

 कालोनी , रामपुर , जबलपुर

मोबाइल ०९४२५८०६२५२ , ७०००३७५७९८

नाटक कुंवारी नर्मदा

 

नाटक

कुंवारी नर्मदा .


लेखक .. विवेक रंजन श्रीवास्तव

A1 , विद्युत मण्डल कालोनी , रामपुर , जबलपुर ४८२००८

मो ७०००३७५७९८


नाटक में समाहित संदेश ... नारी अस्मिता व नदियो का सामाजिक महत्व


नाटक मंचन हेतु कलाकारो तथा संसाधनो के विवरण

१ सूत्रधार ... सात रंगो के परिधान में इंद्रधनुष

२ रानी .

३ पर्वत राज मेखल

४ आमात्य

५ राजकुमार सोनभद्र

६ नर्मदा

७ जुहिला


नांदी पाठ ...  

पुरुष स्वर ... हिन्दू संस्कृति में धार्मिक पर्यटन का बड़ा महत्व है , नदियो , पर्वतो , वनस्पतियों तक को देवता स्वरूप में कल्पना कर उनकी परिक्रमा का विधान हमारी संस्कृति की विशेषता है .नदियो का धार्मिक महत्व प्रतिपादित किया गया है , जिससे जन मन में जल के प्रति सदैव श्रद्धा भाव बना रहे . नर्मदा नदी की तो परिक्रमा की परम्परा है . इस प्रदक्षिणा यात्रा में जहाँ रहस्य, रोमांच और खतरे हैं वहीं प्रकृति से सानिध्य और अनुभवों का अद्भुत भंडार भी है। लगभग 1312 किलोमीटर के दोनों तटों पर निरंतर चलते हुए परिक्रमा की जाती है. गंगा को ज्ञान की, यमुना को भक्ति की, ब्रह्मपुत्र को तेज की , गोदावरी को ऐश्वर्य की, कृष्णा को कामना की और लुप्त सरस्वती नदी तक को आज भी विवेक के प्रतिष्ठान के लिए पूजा जाता है . नदियो का यही महत्व जीवन को परमार्थ से जोडता है .प्रकृति और मानव का गहरा संबंध नदियो की परिक्रमा से निरूपित होता है. नर्मदा को चिर कुंवारी नदी कहा जाता है , स्कंद पुराण के अनुसार नर्मदा के अविवाहित रहने का कारण उनका स्वाभिमान है जो स्त्री अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक है.


मंच पर दृश्य

सूत्रधार .. .. कथा बताती है कि राजा मेखल ने अपनी अत्यंत रूपसी पुत्री नर्मदा के विवाह हेतु यह तय किया कि जो राजकुमार गुलबकावली के दुर्लभ पुष्प उनकी पुत्री के लिए लाएगा वे अपनी पुत्री का विवाह उसी के साथ संपन्न करेंगे। शोणभद्र गुलबकावली के फूल ले आए अत: उनसे राजकुमारी नर्मदा का विवाह तय हुआ. नर्मदा अब तक सोनभद्र से मिली भी नहीं थी , लेकिन उनके रूप, यौवन और पराक्रम की कथाएं सुनकर मन ही मन वे भी उसे चाहने लगी थीं . विवाह होने में समय शेष था . नर्मदा से यह विछोह सहा नही जा रहा था . उनने अपनी दासी जुहिला के हाथों प्रेम संदेश भेजने की सोची. जुहिला को ठिठोली सुझी, उसने राजकुमारी से उसके वस्त्राभूषण मांगे और नर्मदा के वेश में राजकुमार सोनभद्र से मिलने चल पड़ी . सोनभद्र के पास पहुंची तो राजकुमार सोनभद्र उसे ही नर्मदा समझने की भूल कर बैठे. सोनभद्र के प्रस्ताव से जुहिला की नीयत में भी खोट आ गया. वह राजकुमार के प्रणय-निवेदन को वह ठुकरा ना सकी.


नेपथ्य पुरुष स्वर ..इधर जुहिला के लौटने में होती देर से नर्मदा स्वयं सोनभद्र से मिलने चल पड़ी , वहां पहुंचने पर सोनभद्र और जुहिला को एकसाथ देखकर वह अपमान की भीषण आग में जल उठीं. तुरंत वहां से उल्टी दिशा में चल पड़ी फिर कभी ना लौटीं . सोनभद्र अपनी गलती पर पछताता रह गया , लेकिन स्वाभिमान और विद्रोह की प्रतीक नर्मदा चिर कुंवारी रही आईं .इस कथानक को इस नाट्य में प्रदर्शित किया गया है .  


रानी .. मेखल राज हमारी पुत्री नर्मदा के विवाह के संबंध में आपका क्या अभिमत है ?


पर्वत राज मेखल .. हे रानी , मैंनें सतपुड़ा के सघन जंगल में एक दुर्गम दिव्य स्थान देखा है , जहां पर्याप्त नमी है . वहां अद्भुत चमत्कारी औषधीय गुणो वाले गुलबकावली के पौधे होते हैं. इन पौधो के मदहोश करने वाली भीनी भीनी महक वाले श्वेत पुष्प इतने कोमल होते हैं कि उन्हें उस दुर्गम दिव्य स्थान से तोड़कर वैसे ही खिले हुये कोई साहसी , किन्तु कौशलवान धैर्यवान तेज पुरुष ही यहां तक सुरक्षित ला सकता है . अतः मैंने तय किया है कि जो राजकुमार गुलबकावली के वे दुर्लभ कोमल सुगंधित श्वेत पुष्प मेरी पुत्री नर्मदा के लिए यहां तक लेकर लाएगा ,मैं उस वीर , योग्य , क्षमतावान निपुण पुरुष से ही अपनी सुपुत्री नर्मदा का विवाह उसी राजकुमार के साथ संपन्न करूंगा .


रानी .. महाराज इस निश्चय को सुनाकर मुझे तो आपने और भी चिंता में डाल दिया . ऐसा कोई तीव्र धावी वीर होगा भी जो गुलबकावली के पुष्पगुच्छ यहां तक यथावत ला सके ?


आमात्य ... बाहर देखते हुये .. महाराज ! मुझे यह गुलबकावली की महक कहां से आ रही है ?


राजकुमार सोनभद्र ... गुलबकावली के श्वेत सुगंधित पुष्पों का गुच्छा लिये हुये राज सभा में प्रवेश करते हैं .


आमात्य ..अरे वाह महाराज ! ये तो राजकुमार सोनभद्र हैं . राजकुमार का स्वागत करते हुये ... स्वागतम् राजकुमार सोनभद्र ! पर्वत राज मेखल की सभा में आपका हार्दिक स्वागत है . आपने तो हमारे महाराज के प्रण की लाज रख ली , आप सर्वथा राजकुमारी नर्मदा के लिये सुयोग्य वर हैं .


पर्वत राज मेखल .. अरे वाह .. राजकुमार सोनभद्र ! आपने वह कर दिखाया है , जिसकी मुझे आप जैसे फुर्तीले , वीर , बुद्धिमान राजकुमार से ही अपेक्षा थी . आपने ये गुलबकावली के पुष्प लाकर मेरे हृदय में स्थान बना लिया है . आईये हमारा आतिथ्य स्वीकार कीजीये . आमात्य , राजकुमार शोण के आतिथ्य की समुचित व्यवस्थायें कीजीये और राजपुरोहित जी से कहिये कि वे हमारी नर्मदा के विवाह समारोह की तिथियां तय करें .


सूत्रधार ... विवाह होने में कुछ दिन शेष थे लेकिन नर्मदा से रहा ना गया उसने अपनी दासी जुहिला के हाथों राजकुमार शोण को प्रेम संदेश भेजने की सोची।


नर्मदा .. गंभीर स्वर में ... सखी जुहिला , मैने तुझे कभी अपनी दासी नही हमेशा सखि ही समझा है , इसलिये तुझे अपने धड़कते व्यग्र मन के हाल बताना चाहती हूं .


जुहिला ... शोखी से चहकते हुये .. तो ये बात है ! राजकुमारी जी को प्रेम रोग लागा है . मैं देख ही रही हूं नयनो से नींद गायब है .

 

नर्मदा .. धत .. वो बात नही है , पर मैं क्या करूं जुहिला , मुझे रह रह कर ख्याल आते हैं , वे कैसे होंगे ? मैने तो कभी उन्हें देखा तक नही है .. क्या तुम एक बार मेरा संदेश उन तक पहुंचा सकती हो ? विवाह में तो अभी बहुत दिन हैं , मैं विवाह पूर्व एक बार उनसे रूबरू मिलना चाहती हूं .


जुहिला .. न बाबा न , कही रानी साहिबा को मालूम हुआ तो फिर मेरी तो खैर ही न ली जायेगी .. आप मुझसे यह न करवायें . आप स्वयं ही राजकुमार से मिलने क्यो नही चली जाती .


नर्मदा .. अच्छा तू तो मेरा संदेशा तक ले जाने में डर रही है , और मैं स्वयं सीधे मिलने पहुंच जाऊं ? खूब कही सखी तुमने . बस इतना ही नेह है तेरा मेरे लिये .


जुहिला .. मेरा तो आपके लिये इतना नेह है कि मैं अपनी जान पर खेल जाऊं . पर मैं मानती हूं कि हमारी राजकुमारी नर्मदा अपने होने वाले पति से मिलने की हिम्मत तो रखती हैं .


नर्मदा ... इसे साहस नही दुस्साहस कहते हैं .


जुहिला .. अच्छा दुस्साहस ही सही , चलो एक ठिठोली करते हैं , आप मुझे अपने वस्त्र और आभूषण दीजीये , मैं राजकुमारी नर्मदा के वेश में मिलती हूं राजकुमार शोणभद्र से.

 

जुहिला , नर्मदा से उसका मुकुट व दुपट्टा लेती है , और आईने में स्वयं को निहारते , इठलाते हुये चल पड़ती है . सोनभद्र के पास पहुंचती है .


सूत्रधार ... राजकुमार उसे ही नर्मदा समझने की भूल कर बैठते हैं .... जुहिला की नियत में भी खोट आ जाता है वह राजकुमार के प्रणय-निवेदन को ठुकरा नहीं पाती और स्वयं जुहिला होने की सचाई छिपा कर शोण के अंकपाश में समा जाती है .

प्रकाश संयोजन से दृश्य परिवर्तन


राजकुमार सोनभद्र ... नर्मदा रूपी जुहिला को आता देखकर ..उत्फुल्लता पूर्वक स्वागत है नर्मदे ! स्वागत है मेकल सुते ! स्वागत है मेरी रेवा ! मैं स्वयं तुमसे मिलने को व्याकुल हूं किन्तु राजा मेखल की लोक मर्यादा ने मेरे पग रोक रखे थे . यह तुमने बहुत ही श्रेष्ठ कार्य किया जो तुम स्वयं मुझसे मिलने आ गईं . हे सुभगे .. आओ मेरा हृदय तुम्हें जाने कितनी बार बल्कि सच कहूं तो हर रात्रि तुम्हारी कल्पना कर तुम्हें अपने अंकपाश में ले चुका है , आज मेरा स्वप्न सत्य हुआ आओ हम एक बंधन में समा जायें .


नर्मदा बनी जुहिला .. शर्माते लजाते हुये शोण की बाहों में आ जाती है .


सूत्रधार ... इधर जुहिला की प्रतीक्षा करती नर्मदा के सब्र का बांध टूटने लगा . दासी जुहिला के आने में देरी हुई तो स्वयं नर्मदा सोनभद्र से मिलने चल पड़ीं . वहां पहुंचने पर सोनभद्र और जुहिला को वे एक साथ आबद्ध देखतीं है और अपमान की भीषण आग में जल उठती हैं . तुरंत वहां से उल्टी दिशा में चल पड़ी , सोनभद्र व जुहिला अपनी गलती पर पछताते ही रह गये किन्तु स्वाभिमान और विद्रोह की प्रतीक बनी नर्मदा पलट कर नहीं लौटीं .


नर्मदा ... मंच के दूसरे ओर से प्रवेश करती हैं और जुहिला व शोण को साथ बांहो में आबद्ध देखकर तेजी से लौट पड़ती हैं व आक्रोश में मंच से भीतर चली जाती हैं . तेज ड्रम म्यूजिक ... पर्दा गिरता है .


सूत्रधार .. ... इस प्रतीकात्मक लाक्षणिक कथा का भौगोलिक प्रमाण है. नर्मदा , सोन , और जुहिला तीनो का ही उद्गम अमरकंटक पर्वत का त्रिकूट है . किन्तु सोन व जुहिला का प्रवाह पूर्व दिशा की ओर है . धार्मिक मान्यता के अनुसार जुहिला को दूषित नदी माना जाता है . सोनभद्र को नदी नहीं वरन पुल्लिंग अर्थात नद के रूप में मान्यता प्राप्त है . भौगोलिक स्थिति ऐसी है कि जुहिला व सोन का जैसीनगर में दशरथ घाट पर संगम है . जुहिला सोन में विलीन हो जाती है . कथा में रूठी राजकुमारी नर्मदा चिरकुंवारी , अकेली पश्चिम की ओर विपरीत दिशा में बहती हुई खम्बात की खाड़ी में समुद्र तक अकेले ही बहती है .



!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!

!!!!!!!!!!!!!!!!!!

इतिहास की पहली महिला योद्धा ..वीरांगना रानी दुर्गावती

 


 


विश्व इतिहास की पहली महिला योद्धा ..वीरांगना रानी दुर्गावती


विवेक रंजन श्रीवास्तव

ए 1 एमपीईबी कालोनी

रामपुर, जबलपुर 482008

     मो.७०००३७५७९८

पात्र-

 0 गायन मंडली

1 पुरूष स्वर (1) - पापा

2 बच्ची - चीना

3 बालक - चीकू

4 खंडहर की आवाजे- (अनुगूंज में महिला स्वर)

5 पुरूष स्वर (2)

6 साक्षात्कार कर्ता


जिनसे साक्षात्कार लेना है

० रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलपति

१. कलेक्टर जबलपुर

२. संग्रहालय अध्यक्ष- जबलपुर रानी दुर्गावती संग्रहालय

३. संग्रहालय अध्यक्ष- मंडला

४. संग्रहालय अध्यक्ष ..दमोह

५. मदन महल , वीरांगना दुर्गावती की समाधि के आम पर्यटक एवं उस परिसर के दुकानदार आदि


चीना- चीकू । मैने तुमसे कोई कहानियो की किताब लाने को कहा था तुम ये कौन सी पुस्तक उठा लाये हो पुस्तकालय से।

चीकू- दीदी यह पुस्तक है रानी दुर्गावती वही दुर्गावती, जिसके विषय मे हमारी पाठ्य पुस्तक में छोटा सा पाठ पिछले साल हमने पढा था।

चीना- अरे वाह। तब तो इससे हमे वीरांगना दुर्गावती के विषय में पूरी जानकारी मिल जायेगी।


पापा- हां बच्चो। तुम लोग इस पुस्तक को पूरी तरह पढ डालो, यह छुटिटयो का अच्छा उपयोग होगा। फिर मै तुम्हें वह जगह घुमाने ले जाउंगा जहां दुर्गावती ने वीरगति पाई थी और मदन महल एवं अन्य वे स्थान भी दिखलाउूंगा जिनका संबंधी रानी से रहा है।


चीकू- पापा। हम लोग पुरात्तव संग्रहालय भी चलेगे, वहां भी तो रानी से जुडे अवशेष देखने मिल सकेंगे .


पापा- हां, जरूर। तुम्हे पता है.....


पुरूष स्वर (2)- विश्व इतिहास में रानी दुर्गावती पहली महिला है जिसने समुचित युद्ध नीति बनाकर अपने विरूद्ध हो रहे अन्याय के विरोध मे मुगल सामा्राज्य के विरूद्ध शस्त्र उठाकर सेना का नेतृत्व किया और युद्ध क्षेत्र मे ही आत्म बलिदान दिया।


साक्षात्कार कर्ता- और इस विषय मे हमे बता रहे हैं .....


पापा- बच्चो। प्रसिद्ध गीतकार प्रो चित्र भूषण श्रीवास्तव की एक रचना है ‘‘गौडवाने की रानी दुर्गावती-- जिसमें उन्होनें दुर्गावती का वैसा ही समग्र चित्रण किया है जैसा प्रसिद्ध कवियत्री सुभद्रा कुमारी चैहान ने ‘‘खूब लडी मर्दानी‘‘ कविता मे रानी झांसी का वर्णन किया था। तुम यह गीत सुनना चाहेागे।


चीकू-चीना- जरूर। जरूर। सुनाइये न पापा


पापा- तो सुनो


गायक मंडली-

गूंज रहा यश कालजयी उस वीरव्रती क्षत्राणी का

दुर्गावती गौडवाने की स्वाभिमानिनी रानी का।

उपजाये हैं वीर अनेको विध्ंयाचल की माटी ने

दिये कई है रत्न देश को मां रेवा की घाटी ने

उनमें से ही एक अनोखी गढ मंडला की रानी थी

गुणी साहसी शासक योद्धा धर्मनिष्ठ कल्याणी थी

    युद्ध भूमि में मर्दानी थी पर ममतामयी माता थी

    प्रजा वत्सला गौड राज्य की सक्षम भाग्य विधाता थी

    दूर दूर तक मुगल राज्य भारत मे बढता जाता था

    हरेक दिशा मे चमकदार सूरज सा चढता जाता था

    साम्राज्य विस्तार मार्ग में जो भी राह मे अड़ता था

    बादशाह अकबर की आंखो में वह बहुत खटकता था

एक बार रानी को उसने स्वर्ण करेला भिजवाया

राज सभा को पर उसका कडवा निहितार्थ नहीं भाया

बदले में रानी ने सोने का एक पिंजन बनवाया

और कूट संकेत रूप मे उसे आगरा पहुंचाया

दोनों ने समझी दोनों की अटपट सांकेतिक भाषा

बढा क्रोध अकबर का रानी से न रही वांछित आशा

    एक तो था मेवाड प्रतापी अरावली सा अडिग महान

    और दूसरा उठा गोंडवाना बन विंध्या की पहचान


पापा- बच्चो। इससे पहले कि हम यह गीत पूरा करें, आओ बात करते है आज विंध्य अंचल की पहचान,को लेकर जिलाधीश जबलपुर से,

साक्षात्कारकर्ता-




चीकू-चीना-पापा हमे उस गीत मे बहुत मजा आ रहा था उसे पूरा सुनवाईये ना।


पापा- अच्छा चलो जैसा तुम लोग चाहो।


गायन मण्डली-


घने वनों पर्वत नदियों से गौड राज्य था हरा भरा

लोग सुखी थे धन वैभव था थी समुचित सम्पन्न धरा


आती हैं जीवन मे विपदायें प्रायः बिना कहे

राजा दलपत शाह अचानक बीमारी से नहीं रहे


पुत्र वीर नारायण बच्चा था जिसका था तब तिलक हुआ

विधवा रानी पर खुद इससे रक्षा का आ पडा जुआ


रानी की शासन क्षमताओ, सूझ बूझ से जलकर के

अकबर ने आसफ खां को तब सेना दे भेजा लडने


बडी मुगल सेना को भी रानी ने बढकर ललकारा

आसफ खां सा सेनानी भी तीन बार उससे हारा   


तीन बार का हारा आसफ रानी से लेने बदला

नई फौज ले बढते बढते जबलपुर तक आ धमका


तब रानी ले अपनी सेना हो हाथी पर स्वतः सवार

युद्ध क्षेत्र में रण चंडी सी उतरी ले कर मे तलवार


युद्ध हुआ चमकी तलवारे सेनाओ ने किये प्रहार

लगे भागने मुगल सिपाही खा गौडी सेना की मार


तभी अचानक पासा पलटा छोटी सी घटना के साथ

काली घटा गौडवानें पर छाई की जो हुई बरसात


भूमि बडी उबड खाबड थी और महिना था आषाढ

बादल छाये अति वर्षा हुई नर्रई नाले मे थी बाढ


छोटी सी सेना रानी की वर्षा के थे प्रबल प्रहार

तेज धार मे हाथी आगे बढ न सका नाले के पार


तभी फंसी रानी को आकर लगा आंख मे तीखा बाण

सारी सेना हतप्रभ हो गई विजय आश सब हो गई म्लान


पापा- बच्चो। तुम्हें पता है , उस समय तक गौंड़ सेना पैदल व उसके सेनापति हाथियो पर होते थे , जबकि मुगल सेना घोड़ो पर सवार सैनिको की सेना थी .अच्छा चीकू तुम सोचकर बतलाओ कि इस घोड़े और हाथी के अंतर से दोनो सेनाओ की लड़ाई के तरीको में क्या फर्क होता रहा होगा ?

 चीकू .. पापा सीधी सी बात है , हाथी धीमी गति से चलते रहे होंगे और घोड़े तेजी से भागते ही होंगे इसलिये जो मुगल सैनिक घोड़ो पर रहते होंगे वे तेज गति से पीछा भी कर सकते रहे होंगे और जब खुद की जान बचाने की जरूरत होती होगी तो वो तेजी से भाग भी जाते होंगे . पर पैदल गौंडी सेना धीमी गति से चलती होगी और वो जल्दी भाग भी नही सकते रहे होंगे . मैं सही कह रहा हूं न पापा !. 

पापा ... बिलकुल सही बेटा . विशाल, सुसंगठित, साधन सम्पन्न मुगल सेना जो घोड़ो पर थी उनसे जीतना संख्या में कम, गजारोही गौंड सेना के लिये लगभग असंभव था, फिर भी जिस तरह रानी ने दुश्मन से वीरता पूर्वक लोहा लिया, वह नारी सशक्तीकरण का अप्रतिम उदाहरण है। आओ बात करते है जबलपुर के रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कुलपति जी से जो इन ऐतिहासिक मूल्यो को नई पीढ़ी में पुर्नस्थापित करने हेतु महत्वपूर्ण कार्य कर रहे है-


साक्षात्काकर्ता-




पपा- बच्चो। आओ अब उस गीत को पूरा कर लें।


गयक मडंली-


सेना का नेतृत्व संभालें संकट मे भी अपने हाथ

ल्रडने को आई थी रानी लेकर सहज आत्म विश्वास


फिर भी निधडक रहीं बंधाती सभी सैनिको को वह आस

बाण निकाला स्वतः हाथ से यद्यपि हार का था आभास


क्षण मे सारे दृश्य बदल गये बढे जोश और हाहाकार

दुश्मन के दस्ते बढ आये हुई सेना मे चीख पुकार


घिर गई रानी जब अंजानी रहा ना स्थिति पर अधिकार

तब सम्मान सुरक्षित रखने किया कटार हृदय के पार


स्वाभिमान सम्मान ज्ञान है मां रेवा के पानी मे

जिसकी आभा साफ झलकती गढ़ मंडला की रानी में


महोबे की बिटिया थी रानी गढ मंडला मे ब्याही थी

सारे गौंडवाने मे जन जन से जो गई सराही थी


असमय विधवा हुई थी रानी मां बन भरी जवानी में

दुख की कई गाथाये भरी है उसकी एक कहानी में


जीकर दुख मे अपना जीवन था जनहित जिसका अभियान

24 जून 1564 को इस जग से था किया प्रयाण


है समाधी अब भी रानी की नर्रई नाला के उस पार

गौर नदी के पार जहां हुई गौडो की मुगलों से हार


कभी जीत भी यश नहीं देती कभी जीत बन जाती हार

बडी जटिल है जीवन की गति समय जिसे दे जो उपहार


कभी दगा देती यह दुनियां कभी दगा देता आकाश

अगर न बरसा होता पानी तो कुछ और हुआ होता इतिहास


चीना-चीकू- मजा आ गया। इस गीत मे तेा जैसे सारी कहानी ही पिरो दी गई है।


पापा- हां बेटा। दरअसल कोई तारीख अच्छी या बुरी नहीं होती, ये हम होते है, जो अपने कामो से उस तारीख को स्वर्णाक्षरो मे लिख डालते है, या उस पर कालिख पोत देते है, फिर उन्ही घटनाओ को इतिहास मे रचनाकार समेट कर पुस्तक तैयार कर देते है पीढियो के संदर्भेा के लिये।


पुरूष स्वर- (वाचक स्वर) रानी दुर्गावती पर अनेक पुस्तके लिखी गई है, कुछ प्रमुख इस तरह है-


1. राम भरोस अग्रवाल की गढा मंडला के गोंड राजा

2. नगर निगम जबलपुर का प्रकाशन रानी दुर्गावती

3. डा. सुरेश मिश्रा की कृति रानी दुर्गावती

4. डा. सुरेश मिश्र की ही पुस्तक गढा के गौड राज्य का उत्थान और पतन

5. बदरी नाथ भट्ट का नाटक दुर्गावती

6. बाबूलाल चौकसे का नाटक महारानी दुर्गावती

7. वृन्दावन लाल शर्मा का उपन्यास रानी दुर्गावती

8. गणेश दत्त पाठक की किताब गढा मंडला का पुरातन इतिहास


इनके अतिरिक्त अंग्रेजी मे सी.यू.विल्स, जी.वी. भावे, डब्लू स्लीमैन आदि अनेक लेखको ने रानी दुर्गावती की महिमा अपनी कलम से वर्णित की है।


महिला अनुगूंज स्वर- इस वीरांगना की स्मृति को अक्षुण्य बनाये रखने हेतु भारत सरकार ने 1988 मे एक साठ पैसे का डाक टिकट भी जारी किया है।


पापा- आओ बच्चो तुम्हे ले चले रानी की पत्थरो पर लिखी ऐतिहासिक इबारत को पढने- ये है मदन महल का किला और यह एक पत्थर आधार शिला बैलेसिंग राक, प्रकृति का अद्भुत करिष्मा, कितना आकर्षक दिखता है इस उॅचाई से, इन पहाडियो पर आओ बात करें इस एतिहासिक स्मारक पर आये इन हमारे जैसे अन्य पर्यटको से।


साक्षात्कार कर्ता-...........................

पर्यटक.............................


चीना-पापा, जबलपुर मे रानी दुर्गावती के और कौन कौन से स्मारक है?


पापा- बेटे। रानी ने अपने शासनकाल मे जबलपुर मे अनेक जलाशयो का निर्माण करवाया, अपने प्रिय दीवान आधार सिंग, कायस्थ के नाम पर अधारताल, अपनी प्रिय सखी के नाम पर चेरीताल और अपने हाथी सरमन के नाम पर हाथीताल बनवाये थे। ये तालाब आज भी विद्यमान है। प्रगति की अंधी दौड मे यह जरूर हुआ है कि अनेक तालाब पूरकर वहा भव्य अट्टालिकाये बनाई जा रही है।


चीकू- पापा रानी दुर्गावती के समय की और भी कुछ चीजे, सिक्के आदि दिखलाइये ना।


पापा- बेटा, इस विषय मे तुम्हे रानी के नाम पर ही स्थापित रानी दुर्गावती संग्रहालय जबलपुर की अध्यक्षा बतायेंगी।


साक्षात्कार- संग्रहालय अध्यक्ष से ।


चीना- पापा, दुर्गावती ने और कौन कौन सी लडाइयां लडी थी ?


पापा- बेटा। रानी दुर्गावती ने सर्वप्रथम मालवा के राज बाज बहादुर से लडाई लडी थी, जिसमें बाज बहादुर का काका फतेहसिंग मारा गया था। फिर कटंगी की घाटी मे दूसरी बार बाज बहादुर की सारी फौज का ही सफाया कर दिया गया। बाद मे रानी रूपमती को सरंक्षण देने के कारण अकबर से युद्ध हुआ, जिसमें दो बार दुर्गावती विजयी हुई पर आसफ खां के नेतृत्व मे तीसरी बार मुगल सेना को जीत मिली और रानी ने आत्म रक्षा तथा नारीत्व की रक्षा मे स्वयं अपनी जान ले ली थी .


पुरूष 2 (वाचक स्वर) नारी सम्मान को दुर्गावती के राज्य मे सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती थी। नारी अपमान पर तात्कालिक दण्ड का प्रावधान था। न्याय व्यवस्था मौखिक एवं तुरंत फैसला दिये जाने वाली थी . । रानी दुर्गावती एक जन नायिका के रूप मे आज भी गांव चौपाले में लोकगीतो के माध्यम से याद की जाती हैं .


गायक मडंली-

तरी नाना मोर नाना रे नाना

रानी महारानी जो आय

माता दुर्गा जी आय

रन मां जूझे धरे तरवार, रानी दुर्गा कहाय

राजा दलतप के रानी हो, रन चंडी कहाय

उगर डकर मां डोले हो, गढ मडंला बचाय

हाथन मां सोहे तरवार, भाला चमकत जाय

सरपट सरपट घोडे भागे, दुर्गे भई असवार

तरी नाना...........


वाचक स्वर- ये लोकगीत मंडला, नरसिंहपुर, जबलपुर, दमोह, छिंदवाडा, बिलासपुर, आदि अंचलो मे लोक शैली मे गाये जाते है इन्हें सैला गीत कहते है।


वाचक स्त्री कण्ठ- रानी दुर्गावती का जन्म 5 अक्टूबर 1524 को कालींजर मे हुआ था . उनके पिता कीरत सिंह चन्देल वंशीय क्षत्रिय शासक थे। इनकी मां का नाम कमलावती था। सन् 1540 में गढ मंडला के राजकुमार दलपतिशाह ने गंधर्व विवाह कर दुर्गावती का वरण किया था। 1548 मे महाराज दलपतिशाह के निधन से रानी ने दुखद वैधव्य झेला। तब उनका पुत्र वीरनारायण केवल 3 वर्ष का था। उसे राजगद्दी पर बैठाकर रानी ने उसकी ओर से कई वर्षो तक कुशल राज्य संचालन किया।


वाचक पुरूष स्वर (2)- आइने अकबरी मे अबुल फजल ने लिखा है कि रानी दुर्गावती के शासन काल मे प्रजा इतनी संपन्न थी कि लगान का भुगतान प्रजा स्वर्ण मुद्राओ और हाथियो के रूप मे करती थी।


चीकू- पापा। मुझे तो लगता है, शायद यही संपन्नता, मुगल राजाओ को गौड राज्य पर आक्रमण का कारण बनी।


चीना- अरे खूब चीकू, तुम तो बडे चतुर बन गये।


पापा- हां बच्चे, तुम बिल्कुल सही हो लेकिन, महत्वपूर्ण बात यह है कि अकबर ने विधवा रानी पर हमला कर, सब कुछ पाकर भी कलंक ही पाया, जबकि रानी ने अपनी वीरता से सब कुछ खोकर भी इतिहास मे अमर कीर्ति

 अर्जित की।




विवेक रंजन श्रीवास्तव

ए 1 एमपीईबी कालोनी

रामपुर, जबलपुर 482008

     मो.७०००३७५७९८





vivek ranjan shrivastava

नाटक अमृत घट

 


नाटक

अमृत घट


विवेक रंजन श्रीवास्तव

ए १ , शिला कुंज , नयागांव , जबलपुर ४८२००८

मो ७०००३७५७९८

vivekranjan.vinamra@gmail.com


कलाकार दल व संसाधन

     नांदी पाठ हेतु पुरुष वाचक स्वर व स्त्री वाचक स्वर

      प्रोजेक्टर व बैकग्राउंड पर्दा जिस पर यथा वर्णित फिल्मांकित दृश्यो का उपयोग किया जावेगा .


१ सूत्रधार हरे गाउन में सुसज्जित समुद्र

२ सुदर्शन चक्रधारी मुकुट वस्त्राभूषण में सुसज्जित भगवान विष्णु ,

३ मुकुट वस्त्राभूषण में सुसज्जित देवता गण ,

४ राक्षसी वेशभूषा में सज्जित राक्षस दल,

५ राक्षसी वेशभूषा में सज्जित दैत्य प्रमुख ,

६ धन्वन्तरि वैद्य समुचित वेशभूषा में ,

७ विश्वमोहिनी स्वरूप में सुसज्जित युवती .


नेपथ्य स्वर में नांदी पाठ


पुरुष स्वर ... हम सबमें सदैव सात्विक व आसुरी वृत्तियां उपस्थित होती हैं . यह हम पर निर्भर है कि हम उनमें से किसका और कैसे रचनात्मक उपयोग करते हैं , तथा अपने जीवन को सकारात्मक दिशा दे पाते हैं . पौराणिक आख्यानो में मानवीय प्रवृत्तियो का लाक्षणिक प्रदर्शन मिलता है .समुद्र मंथन में धन की देवी लक्ष्मी व जीवन के अमरत्व तथा समाप्ति के संजीवन रसों अमृत व विष सहित १४ रत्नों के प्रादुर्भाव की कथा वर्णित है . बिना धन के आज जीवन संभव ही नही दिखता किंतु जीवन का परम सुख व उद्देश्य धन नही, संतोष है .

स्त्री स्वर .. समुद्र मंथन से लक्ष्मी व अमृतघट प्राप्त करने के पौराणिक कथानक का यह नाट्य प्रदर्शन देवत्व व आसुरी वृत्तियो का प्रदर्शन है . काश दार्शनिक विवेचना कर इस कथानक से हम अमृत जीवन संदेश समझ सकें .

 

पर्दा उठता है ......

फोकस लाइट में हरे गाउन में सूत्रधार समुद्र का एक ओर से मंच पर प्रवेश , बैकग्राउंड में लहरो के उमड़ घुमड़ क्रंदन की ध्वनि

सूत्रधार ... मैं क्षीर सागर हूं . अथाह जल राशि . मुझ में अमृत , विष , वारुणी , लक्ष्मी , जैसे १४ महा तत्व सहित न जाने क्या क्या समाहित हैं . जल रंग हीन, गंध हीन होता है . जल का स्वयं का कोई आकार नहीं होता . यह वही आकार ले लेता है जिस पात्र में इसे रखा जाता है .पानी को किसी एक ही पात्र में चाकू से काटकर भी विभाजित नही किया जा सकता . इस तरह जल संस्कृतियो के परस्पर घुल मिल जाने की प्रक्रिया का द्योतक है .

आईये घड़ी को उल्टा घुमायें और आप सबको ले चलें उस पौराणिक लाक्षणिक कथा के दृश्य तक जहां मेरा मंथन करके देवताओ के अमरत्व के लिये अमृत प्राप्त किया गया था .

दूसरी ओर से फोकस लाइट में सुदर्शन चक्रधारी भगवान विष्णु का मंच पर प्रवेश पीछे पीछे देवता दल का मंच पर आगमन

विष्णु ... हे देवताओ ! अमृत प्राप्ति के लिये मन्दराचल पर्वत को मथानी तथा वासुकी नाग को नेती बना कर समुद्र मंथन करना होगा . मैने योजना बना ली है इसके लिये हमें दैत्यो की शक्ति का भी बुद्धिमत्ता से उपयोग करना पड़ेगा ,उन्हें निमंत्रित किया भी जा चुका है. स्वयं मैं कच्छप अवतार लेकर मन्दराचल पर्वत को अपनी पीठ पर रखकर उसका आधार बन जाउंगा . वासुकी नाग को रस्सी की तरह नेति बनाने पर उसके कष्ट को मुझे हरना होगा .मैं इसके लिये उसे गहन निद्रा में सुला रहा हूं . हे देवताओ ! आप लोग वासुकी को मुख की ओर से पकड़िये .

देवता ... हे भगवन आप यह क्या कह रहे हैं , मंथन के लिये वासुकी को मुंह से पकड़ने का अर्थ सीधे ही हमारा काल ग्रस्त होने को न्यौता न होगा क्या भगवन ? 

विष्णु .. हे देवताओ ! समुद्र मंथन हेतु आपका सामना मूढ़ राक्षसो से है . आपको अभी ही नही आगे भी अनेक बार साम, दाम , दण्ड, भेद की नीति से मेरे बताये मार्ग पर ही चलना होगा . तभी हम अपना मन्तव्य पूर्ण कर पायेंगे . अतः तर्क कुतर्क किये बिना आप वही कीजीये जो मैं बहुत सोच विचार कर योजना पूर्ण तरीके से कह रहा हूं . फिलहाल बिना समय व्यर्थ किये , आप सब वासुकी के मुंह की ओर बढ़िये , राक्षस गण पहुंचते ही होंगे .

बैकग्राउंड पर्दे पर प्रोजेक्टर की मदद से समुद्र मंथन का दृश्य .

राक्षस दल का गदा लहराते हुये , जोर जोर से हंसते हुये दर्शको की ओर से मंच पर प्रवेश होता है . 

देवताओ को वासुकी नाग के मुख की ओर बढ़ता देखकर विपरीत बुद्धि वाले दैत्य परस्पर मंत्रणा करते हैं . राक्षस दल की खुसुर पुसुर

एक राक्षस .. हे दैत्य राज ! वासुकी नाग को मुख की ओर से पकड़ने में अवश्य कुछ न कुछ लाभ होगा, तभी देवता उस ओर बढ़ रहे हैं . 

दैत्य प्रमुख ... गरजते हुये ... हे देवताओं ! हम दैत्य किसी भी शक्ति में आपसे कम नहीं हैं, फिर हमें वासुकी की पूंछ पकड़ने के लिये क्यों कहा जा रहा है ? हम मुँह की ओर ही स्थान लेंगे.

विष्णु .. हे दैत्य राज ! आप अकारण ही समुद्र मंथन प्रारंभ होने से पहले ही क्यों नाराज हो रहे हैं आप लोग ही वासुकी को मुंह की ओर से पकड़ लीजीये , इसमें भला देवताओ को क्या आपत्ति हो सकती है ?

देवता मुस्कराते हुये कनखियो से भगवान विष्णु की ओर देखते हुये वासुकी नाग के पूँछ की ओर का स्थान ले लेते हैं .

सूत्रधार ... समुद्र मंथन आरम्भ हुआ और भगवान कच्छप की एक लाख योजन चौड़ी पीठ पर मन्दराचल पर्वत को देवताओ व राक्षसो द्वारा घुमाया जाने लगा . समुद्र मंथन में सर्वप्रथम जल से हलाहल विष पात्र बाहर आया . उस विष की ज्वाला से सभी प्रकृति जलने लगी .

नेपथ्य से स्त्री स्वर .. इस विपदा से निपटने के लिये सभी ने मिलकर भगवान शंकर की प्रार्थना की. सब के आव्हान पर भगवान महादेव ने उस विष पात्र को हथेली पर रख कर पी लिया , किन्तु उसे कण्ठ से नीचे नहीं उतरने दिया. उस कालकूट विष के प्रभाव से ही शिव जी का कण्ठ नीला पड़ गया है .

सूत्रधार .... इसीलिये महादेव जी को नीलकण्ठ भी कहते हैं। विष के प्रभाव से शिव जी का मस्तिष्क गरम हो गया , तब देवताओ ने उनके सिर पर ठंडे जल से अभिषेक किया .आज भी इसीलिये शिवलिंग पर पानी चढ़ाने की परम्परा बनी हुई है .

नेपथ्य से स्त्री स्वर... शिव जी के विषपान के समय थोड़ा सा विष पृथ्वी पर टपक गया जिसे साँप, बिच्छू आदि विषैले जन्तुओं ने ग्रहण कर लिया. भगवान शंकर द्वारा विष पान कर लेने के पश्चात् फिर से समुद्र मंथन प्रारम्भ हुआ. दूसरा रत्न कामधेनु गाय निकली जिसे ऋषियों को भेंट कर दिया गया.

सूत्रधार ....फिर उच्चैःश्रवा अश्व निकला जिसे दैत्यराज बलि ने रख लिया. तदोपरांत ऐरावत हाथी जल मंथन से प्रगट हुआ जिसे देवराज इन्द्र ने ग्रहण किया. और

ऐरावत के पश्चात् कौस्तुभमणि समुद्र से निकली उसे विष्णु भगवान ने ले लिया.

नेपथ्य से स्त्री स्वर ... फिर कल्पवृक्ष निकला और रम्भा नामक अप्सरा निकली. इन दोनों को देवलोक में स्थान दिया गया.

सूत्रधार ..आगे फिर समु्द्र मंथन से लक्ष्मी जी प्रगट हुईं . लक्ष्मी जी ने स्वयं बढ़कर भगवान विष्णु के गले में जयमाल डालकर उनका वरण कर लिया. उसके बाद वारुणी कन्या के रूप में प्रकट हई , जिसे दैत्यों ने ग्रहण किया. फिर एक के पश्चात एक चन्द्रमा, पारिजात वृक्ष तथा शंख निकले और अन्त में धन्वन्तरि वैद्य अमृत घट लेकर प्रकट हुये.

आमोद संगीत

दृश्य ...

धन्वन्तरि वैद्य अमृत का घट लेकर मंच पर प्रकट होते हैं .. धन्वन्तरि के हाथ से अमृतघट को दैत्यों ने छीन लिया और उसके लिये आपस में ही लड़ने लगे।

सूत्रधार .... देवताओं के पास दुर्वासा के श्राप से इतनी शक्ति नहीं रह गई कि वे दैत्यों से लड़कर उस अमृत को ले सकें इसलिये वे निराश खड़े हुये दैत्यो को आपस में लड़ता हुआ देख रहे थे . देवताओं की निराशा को देखकर भगवान विष्णु ने तत्काल मोहिनी रूप में प्रगट हुये .

मंच पर विश्वमोहनी का नृत्य करते हुये तीक्ष्ण नयनो से देखते हुये प्रवेश ..

सूत्रधार ..विश्वमोहिनी रूप को इस तरह सम्मुख देखकर दैत्य तथा देवताओं की तो बात ही क्या, स्वयं ब्रह्मज्ञानी, कामदेव को भस्म कर देने वाले, भगवान शंकर भी मोहित होकर उनकी ओर बार-बार निहारने लगे.

दैत्यों ने उस नवयौवना सुन्दरी विश्वमोहिनी को अपनी ओर आते हुये देखा तो वे अपना सारा झगड़ा भूल कर उसी सुन्दरी की ओर कामासक्त होकर एकटक देखने लगे.

दैत्य प्रमुख ... "हे सुन्दरी! तुम कौन हो ? लगता है कि हमारे झगड़े को देखकर उसका निपटारा करने के लिये ही हम पर कृपा कटाक्ष कर रही हो.आओ सुभगे ! तुम्हारा स्वागत है. हमें अपने सुन्दर कर कमलों से यह अमृतपान कराओ।"

विश्वमोहिनी... "हे दानव राज और देवताओ ! आप सब महर्षि कश्यप जी के पुत्र होने के कारण भाई-भाई हैं फिर भी परस्पर लड़ते क्यों हैं . मैं तो एक स्वेच्छाचारिणी स्त्री हूँ. बुद्धिमान लोग ऐसी स्त्री पर कभी विश्वास नहीं करते . फिर हे असुरों ! तुम कैसे मुझ पर विश्वास करके अमृत पान करवाने का आग्रह कर रहे हो ? अच्छा यही है कि तुम सब स्वयं मिलजुल कर अमृतपान कर लो "

सूत्रधार ..विश्वमोहिनी के ऐसे नीति कुशल वचन सुन कर उन कामान्ध दैत्यो, दानवों और असुरों को उस पर और भी विश्वास हो गया.

दैत्य प्रमुख .. हे सुन्दरी! तुम्हारे सुन्दर चेहरे को देखकर और नीति कुशल संभाषण सुनकर ही हमें तुम पर भरोसा हो रहा है. तुम जिस प्रकार बाँटोगी हम उसी प्रकार अमृतपान कर लेंगे. तुम ये घट ले लो और हम सब को अमृत पान करवाने का कष्ट करो "

विश्वमोहिनी ... अमृत घट लेते हुये .... हे देवताओं ! और हे दैत्यों ! आप सबने अपने अगाध श्रम व बुद्धि कौशल से समुद्र मंथन जैसा असाधारण कार्य संपन्न किया है , और यह अमृत घट प्राप्त किया है . आपने मुझे अमृत पान करवाने की जिम्मेदारी सौंपी है ,यह मेरे लिये गौरव का विषय है .मेरा आग्रह है कि आप दोनो ओर पंक्ति बद्ध होकर शांति पूर्वक बैठने की कृपा करें जिससे निर्विघ्न रूप से और परम आनंद से आप अमृतपान कर सकें और आपको अमरत्व प्राप्त हो .

दैत्य व देवता अलग अलग पंक्तियो में बैठ जाते हैं . विश्वमोहिनी एक बार दैत्यों को अपने कटाक्ष से देखती और जैसे ही कामांध मदहोश दैत्य ऊपर की ओर आहें भरता मुंह करता वह सामने की पंक्ति में विराजे देवताओं को क्रमिक रूप से अमृतपान कराने लगती . दैत्य उनके कटाक्ष से मदहोश होकर लुढ़कने लगते हैं .

सूत्रधार... सारे देवता अमृत पान कर लेते हैं , किन्तु उनके बीच पहुंच कर एक दैत्य ने भी धोखे से अमृत पान कर लिया . भगवान विष्णु का ध्यान जैसे ही इस ओर गया उन्होने उसका धड़ सर से काट दिया , किन्तु वह तो अमृत पान कर चुका था अतः उसी स्वरूप में उस दैत्य के दोनो टुकड़े आज भी जिन्दा है . केतु का सिर नही है और राहु का धड़ नही है . इन्हें छाया ग्रह कहा जाता है . भारतीय ज्योतिष के अनुसार ये ही छाया ग्रह सूर्य व चंद्रमा को अवसर मिलते ही ग्रस लेते हैं , जिससे सूर्य ग्रहण व चंद्रग्रहण होने की परिकल्पना की गई है .

धीरे धीरे प्रकाश मद्धिम किया जाता है और परदा गिरता है .


नेपथ्य से स्त्री स्वर ..

समाज में व्याप्त आसुरी वृत्तियां बलवती होकर जब तब मोहिनी रुप स्त्रियों पर कुदृष्टि डालती दिखती हैं .

हर कोई अमर होने की आकांक्षा करता है . समय की रेत पर अपने पदचिन्ह छोड़ जाने के लिये सभी सदैव व्यग्र रहते है . बड़े बड़े किले , राजमहल , भवन शायद इसीलिये बनाये जाते हैं , कि मृत्यु के बाद भी लोग इन स्मारकों के माध्यम से उनके निर्माताओ को याद करें .

दरअसल कोई दिन स्वर्णिम या काला नही होता अपने कर्मो से ही किसी तिथी को सुनहरे अक्षरो से लिखा जा सकता है या हम कुकर्मो से उस पर कालिख पोत सकते हैं . थोड़ी सी दार्शनिक विवेचना करें तो नाटक में देवताओं का चरित्र व्यक्ति के मन में उपजती इच्छाओं को प्रदर्शित करता है, दैत्य हमारी नकारात्मक इच्छाओं और अंतर्निहित बुराइयों के प्रतीक हैं. मस्तिष्क को महासागर के रूप में समझा जा सकता है . विचार और भावनाओ की लहरों के अथाह जल में ही हमारा व्यक्तित्व व सिद्धियां छिपी हुई हैं . मंथन के लिये प्रयुक्त मंदार पर्वत, अर्थात मन और विचार जिनकी एकाग्रता से ही हम जीवन संयोजन कर मोहिनीरूप के भटकाव से बचते हुये ही यश अर्चन का अमृत प्राप्त कर सकते हैं . आईये संकल्प लें और जीवन को भौतिकता के भटकाव से बचाते हुये अमरत्व की निश्चित आध्यात्मिक दिशा पाने के लिये नित नया मन मंथन करें .


मंच पर कलाकार दल उपस्थित होता है , सूत्रधार दर्शको से उनका परिचय करवाता है तथा नाटक के लेखक का नाम उधृत करता है .

!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!!

!

vivek ranjan shrivastava